गिरिडीह :* जिले के गांवा-सतगावां रोड पर जोड़ सिमर के पास शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे के बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया। तेज रफ्तार सेंट्रो कार ने सड़क किनारे बैठे चार लोगों को कुचल दिया। इस हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को इलाज के लिए स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
*सड़क किनारे बैठे लोगों को कुचला*
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, चारों लोग सड़क किनारे बैठे हुए थे। तभी तेज रफ्तार में आ रही सेंट्रो कार अचानक अनियंत्रित हो गई और उन्हें रौंदते हुए पास के पेड़ से जा टकराई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
*ड्राइवर को पकड़कर पेड़ से बांधा*
घटना के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने चालक को पकड़ लिया। उसे कार से बाहर निकालकर पेड़ से बांध दिया और उसकी पिटाई कर दी। मौके पर काफी देर तक तनाव बना रहा।
*पुलिस वाहन पर पथराव*
सूचना मिलने पर गांवा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को संभालने की कोशिश की। लेकिन ग्रामीणों का आक्रोश कम नहीं हुआ और पुलिस के खिलाफ नारेबाजी शुरू हो गई। इस दौरान लोगों ने पुलिस वाहन पर पथराव कर दिया, जिससे वाहन के शीशे टूट गए।
*सड़क जाम, हालात नियंत्रित करने की कोशिश*
हादसे के बाद आक्रोशित लोगों ने सड़क जाम कर दिया, जिससे यातायात पूरी तरह ठप हो गया। प्रशासन ने मौके पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया है और लोगों को शांत कराने की कोशिश जारी है।
*जांच में जुटी पुलिस*
पुलिस ने चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पूरे मामले की जांच की जा रही है। प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है।

