Breaking
Fri. Aug 21st, 2026

रेलवे ट्रैक पर महिला और नवजात का शव मिलने से सनसनी, आत्महत्या की आशंका

जमशेदपुर। पूर्वी सिंहभूम जिले के घाटशिला थाना क्षेत्र में बुधवार को उस समय सनसनी फैल गई जब काशीदा स्थित एसयूसीआई लाल बिल्डिंग के समीप रेलवे ट्रैक पर एक अज्ञात महिला और नवजात शिशु का शव बरामद किया गया। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही घाटशिला थाना के अधिकारी प्रेम कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि महिला अपने नवजात बच्चे को लेकर चलती ट्रेन से कूद गई होगी, जिसके कारण वह किसी ट्रेन की चपेट में आ गई। हादसे में महिला का शव बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गया, जबकि नवजात के शरीर पर हल्के चोट के निशान पाए गए हैं।

स्थानीय समाजसेवी कलीराम शर्मा के सहयोग से पुलिस ने दोनों शवों को अनुमंडल अस्पताल घाटशिला पहुंचाया। पुलिस का कहना है कि शवों को सुरक्षित रखने के लिए उन्हें जमशेदपुर भेजा जा सकता है, जहां पोस्टमार्टम कराया जाएगा ताकि घटना के वास्तविक कारणों का पता चल सके।

फिलहाल पुलिस मृतका की पहचान करने का प्रयास कर रही है। समाचार लिखे जाने तक महिला और बच्चे की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास के थानों से भी संपर्क कर गुमशुदगी के मामलों की जांच कर रही है, ताकि जल्द से जल्द इस मामले का खुलासा हो सके।

Related Post