Breaking
Thu. Jul 23rd, 2026

पूर्वी सिंहभूम में ‘प्रोजेक्ट उल्लास’ के तहत मिर्गी जांच शिविर, 90 मरीजों की हुई स्क्रीनिंग

जमशेदपुर। पूर्वी सिंहभूम जिले में रविवार को ‘प्रोजेक्ट उल्लास’ के अंतर्गत पोटका प्रखंड के आसनबनी और कालिकापुर स्थित आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में निःशुल्क मिर्गी जांच एवं उपचार शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में AIIMS New Delhi के विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपस्थिति में मरीजों की जांच, चिकित्सीय परामर्श और दवाइयों का वितरण किया गया।

शिविर के दौरान कुल 90 मरीजों की स्क्रीनिंग की गई। जांच के बाद उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय सलाह दी गई तथा निःशुल्क दवाइयां उपलब्ध कराई गईं। जिला प्रशासन की इस पहल का उद्देश्य मिर्गी रोग से पीड़ित लोगों को समय पर पहचान, सही उपचार और नियमित दवा उपलब्ध कराना है, ताकि इस बीमारी को नियंत्रित किया जा सके।

यह पहल उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी के निर्देशन में जिला स्वास्थ्य समिति द्वारा चलाई जा रही है। प्रशासन का लक्ष्य है कि मिर्गी से जुड़ी भ्रांतियों को दूर किया जाए, लोगों में वैज्ञानिक सोच विकसित हो और रोगियों को विशेषज्ञ परामर्श सुलभ कराया जाए। इसी क्रम में जिले के विभिन्न प्रखंडों में क्रमवार विशेष शिविर लगाए जा रहे हैं।

तीन दिवसीय कार्यक्रम के तहत 23 फरवरी 2026 को पोटका प्रखंड के शंकरदा, हरिणा और हल्दीपोखर स्थित आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में भी शिविर आयोजित किए जाएंगे। हरिना में शिविर सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक चलेगा, जबकि हल्दीपोखर और शंकरदा में दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक जांच और उपचार की सुविधा उपलब्ध रहेगी।

जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि यदि उनके परिवार या आसपास किसी को मिर्गी की समस्या है तो उन्हें शिविर में लाकर विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श दिलाएं, ताकि समय पर इलाज शुरू हो सके और मरीज सामान्य जीवन जी सकें।

Related Post