Breaking
Sun. May 3rd, 2026

पुलिस केंद्र चाईबासा में दिवंगत हवलदार शिलास कुजुर को राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई

चाईबासा। पुलिस केंद्र चाईबासा में रविवार को लातेहार जिला बल के दिवंगत हवलदार शिलास कुजुर को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। पुलिस मेंस एसोसिएशन शाखा लातेहार के निर्देशानुसार आयोजित इस कार्यक्रम में पुलिस परिवार ने उन्हें सम्मान के साथ अंतिम सलामी दी। हवलदार शिलास कुजुर पश्चिमी सिंहभूम जिले के जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत गांव एवं पोस्ट जगन्नाथपुर के निवासी थे। वे पिछले कुछ समय से अस्वस्थ चल रहे थे और मुदड़ा अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था, जहां उपचार के दौरान उनका निधन हो गया।

श्रद्धांजलि समारोह के दौरान उनके पार्थिव शरीर को पुलिस सम्मान के साथ अंतिम सलामी दी गई। इस अवसर पर शोक संतप्त परिजनों को अंतिम संस्कार के लिए आर्थिक सहयोग स्वरूप दस हजार रुपये प्रदान किए गए। उपस्थित पुलिस पदाधिकारियों और जवानों ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की तथा परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की।

कार्यक्रम में परिचारी संतोष कुमार और प्रतीक कुमार की उपस्थिति रही। पुलिस मेंस एसोसिएशन शाखा के अध्यक्ष प्रदीप ओलिभर मिंज, सचिव तारा चांद महतो और पदाधिकारी अनुप लाकड़ा सहित कई पुलिस अधिकारी एवं कर्मी मौके पर मौजूद थे। पुलिस अधिकारियों ने अपने संबोधन में कहा कि हवलदार शिलास कुजुर ने अपने सेवाकाल में कर्तव्यों का निर्वहन पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ किया। उनके निधन से पुलिस विभाग को अपूरणीय क्षति पहुंची है।

कार्यक्रम के समापन पर सभी उपस्थित लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत हवलदार शिलास कुजुर को श्रद्धांजलि अर्पित की।

Related Post