Breaking
Thu. Jun 18th, 2026

हाथियों का तांडव, पति-पत्नी समेत एक ही परिवार के तीन लोगों की दर्दनाक मौत

बोकारो। जिले के गोमिया प्रखंड अंतर्गत बड़की पन्नू गांव में गुरुवार तड़के हाथियों के हमले से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। गांव में घुसे हाथियों के झुंड ने एक ही परिवार के तीन सदस्यों—पति, पत्नी और भाभी—को कुचलकर मार डाला। यह हादसा सुबह करीब तीन बजे हुआ, जब पूरा गांव गहरी नींद में था।

प्राप्त जानकारी के अनुसार जंगल से सटे इस गांव में अचानक पांच सदस्यीय हाथियों का झुंड प्रवेश कर गया। हाथी सीधे एक घर के आंगन तक पहुंच गए, जिससे घर में सो रहे लोगों में अफरा-तफरी मच गई। जान बचाने के लिए घर से बाहर निकल रहे गंगवा करमाली पर हाथियों ने हमला कर दिया। एक हाथी ने उन्हें सूंड में लपेटकर पटक दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

पति की चीख-पुकार सुनकर उनकी पत्नी कमली देवी बाहर आईं, लेकिन इससे पहले कि वह कुछ समझ पातीं, हाथियों ने उन्हें भी कुचल दिया। कुछ ही पलों में पति-पत्नी दोनों की घटनास्थल पर दर्दनाक मौत हो गई। इसी दौरान परिवार की भाभी भगिया देवी ने भी जान बचाने की कोशिश की, लेकिन एक हाथी ने उन्हें भी अपने पैरों तले रौंद दिया, जिससे उनकी भी मौत हो गई।

घटना में परिवार का एक अन्य सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गया है, जिसे स्थानीय लोगों की मदद से इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। उसकी हालत पर डॉक्टरों की निगरानी बनी हुई है। घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है और लोगों में भारी दहशत है।

ग्रामीणों का कहना है कि मृतकों का घर जंगल से बिल्कुल सटा हुआ है, जिससे अक्सर हाथियों का गांव में प्रवेश होता रहता है। बावजूद इसके अब तक कोई ठोस सुरक्षा इंतजाम नहीं किए गए। सूचना मिलते ही वन विभाग और स्थानीय प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। वन विभाग ने हाथियों को जंगल की ओर खदेड़ने की कोशिश शुरू कर दी है।

Related Post