Breaking
Tue. Apr 28th, 2026

चांडिल न्यू बाईपास पर दर्दनाक हादसा, ट्रेलर की टक्कर से दो युवकों की मौत, एक गंभीर

चांडिल। सरायकेला-खरसावां जिला अंतर्गत चांडिल थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात एक भीषण सड़क दुर्घटना हो गई। न्यू बाईपास रोड पर घोड़ानेगी पुलिया के पास ट्रेलर और बाइक के बीच हुई जोरदार टक्कर में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर जुट गए।

मृतकों की पहचान चांडिल थाना क्षेत्र के नरगाडीह गांव निवासी धनंजय सरदार और सुमन सिंह सरदार के रूप में की गई है। दोनों युवक एक ही बाइक पर सवार थे। इसी दौरान न्यू बाईपास रोड पर तेज रफ्तार ट्रेलर से उनकी टक्कर हो गई। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि दोनों युवकों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसे में तीसरा युवक ठाकुर सिंह सरदार (18 वर्ष), पिता मोहन सिंह सरदार गंभीर रूप से घायल हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही चांडिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से सभी को तत्काल जमशेदपुर स्थित एमजीएम अस्पताल भेजा गया। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने धनंजय सरदार और सुमन सिंह सरदार को मृत घोषित कर दिया, जबकि घायल युवक का इलाज जारी है और उसकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है।

इस संबंध में चांडिल थाना प्रभारी दिलसन बिरुआ ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त ट्रेलर को पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है। उन्होंने कहा कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है और मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Related Post