Breaking
Fri. Jul 3rd, 2026

पलामू में दिनदहाड़े गोलीकांड, दो लोग गंभीर रूप से घायल, एक की हालत नाजुक

पलामू: शहर थाना क्षेत्र अंतर्गत कांदू मोहल्ला स्थित गैस गोदाम रोड पर गुरुवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब अपराधियों ने दिनदहाड़े गोलीबारी कर दो लोगों को गंभीर रूप से घायल कर दिया। गोली लगने से अजीत कुमार गुप्ता (52 वर्ष) और नवीन प्रसाद (45 वर्ष) बुरी तरह जख्मी हो गए।

घटना के तुरंत बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और दोनों घायलों को आनन-फानन में इलाज के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल सूत्रों के अनुसार इलाज के बाद अजीत कुमार गुप्ता की हालत में सुधार है और वे फिलहाल खतरे से बाहर बताए जा रहे हैं, जबकि नवीन प्रसाद की स्थिति लगातार गंभीर बनी हुई है। चिकित्सकों ने उनकी नाजुक हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए उन्हें रिम्स, रांची रेफर कर दिया है।

बताया जा रहा है कि गुरुवार सुबह दोनों व्यक्ति अपने-अपने काम से गैस गोदाम रोड की ओर गए थे, इसी दौरान पहले से घात लगाए अपराधियों ने उन पर अचानक फायरिंग कर दी। गोली चलने की आवाज सुनकर इलाके में दहशत फैल गई और लोग घरों से बाहर निकल आए। वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधी मौके से फरार हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही शहर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है और इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। प्रारंभिक जांच में आपसी रंजिश या लेन-देन के विवाद की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा। इस गोलीकांड के बाद से कांदू मोहल्ला और आसपास के इलाकों में तनाव का माहौल है, वहीं स्थानीय लोग सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठा रहे हैं।

Related Post