Breaking
Sun. Jan 18th, 2026

बस्ती बचाओ संघर्ष समिति 14 दिसंबर को करेगी शांतिपूर्ण धरना, बर्मामाइंस की समस्याओं को लेकर डीसी को सौंपा आवेदन

जमशेदपुर। शुक्रवार को बस्ती बचाओ संघर्ष समिति, जमशेदपुर ने बर्मामाइंस क्षेत्र में लगातार बढ़ती समस्याओं को लेकर उपायुक्त, पूर्वी सिंहभूम को एक विस्तृत आवेदन सौंपा है। समिति के संरक्षक सह पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष रामबाबू तिवारी ने बताया कि क्षेत्र के लोग धूल प्रदूषण, सड़क जाम, दुर्घटनाओं और नुवोको सीमेंट की गाड़ियों द्वारा पुंज कम्पनी परिसर में अवैध पार्किंग से जूझ रहे हैं, जिससे आमजन का जीवन कठिन होता जा रहा है।

समिति ने कहा कि बीते एक से डेढ़ वर्ष के दौरान टाटा स्टील द्वारा बर्मामाइंस की सड़कों की घेराबंदी की जा रही है, जिससे सड़कें संकरी हो गई हैं और हर समय जाम की स्थिति रहती है। इसकी वजह से एंबुलेंस, स्कूल बसों, ऑफिस आने-जाने वाले कर्मचारियों और रेल यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। समिति ने सड़क का तुरंत विस्तारीकरण और चौड़ीकरण कराने की मांग की है।

लोगों ने यह भी आरोप लगाया है कि बर्मामाइंस बाजार के पास बने स्लैग प्वाइंट से लगातार धूल प्रदूषण फैल रहा है, जिससे स्थानीय निवासियों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। क्षेत्र से गुजरने वाले राहगीर भी इस प्रदूषण से प्रभावित हो रहे हैं।

समिति ने नुवोको सीमेंट कम्पनी पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि कम्पनी की गाड़ियां पुंज कम्पनी परिसर में अवैध पार्किंग करवाई जाती हैं और इसके नाम पर अवैध रूप से धन उगाही की जाती है। भारी वाहनों की कतार के कारण सड़कें जाम रहती हैं और आमजन को परेशानी झेलनी पड़ती है।

इसके अलावा जुस्को से जुड़े कुछ लोगों पर भी आरोप लगाया गया है कि वे बस्ती के चौक-चौराहों पर लगातार अफवाह फैलाते हैं कि क्षेत्र की बस्तियों को जल्द तोड़ा जाएगा। इससे स्थानीय लोगों में भय और असुरक्षा का माहौल बन गया है। बर्मामाइंस के कई आवासीय मार्ग बंद किए जा रहे हैं, जिससे लोगों में भय और बढ़ गया है।

इन सभी मुद्दों को लेकर बर्मामाइंस के निवासियों ने सामूहिक निर्णय लिया है कि बस्ती बचाओ संघर्ष समिति के बैनर तले 14 दिसंबर, रविवार को दुर्गा पूजा मैदान, बर्मामाइंस में सुबह 11 बजे से एक दिवसीय शांतिपूर्ण धरना आयोजित किया जाएगा। समिति ने उपायुक्त को इसकी पूर्व सूचना दे दी है और उम्मीद जताई है कि प्रशासन इन गंभीर समस्याओं पर शीघ्र सकारात्मक कदम उठाएगा।

Related Post