सरायकेला। जिले में अवैध शराब के धंधे पर रोक लगाने के लिए पुलिस का अभियान लगातार तेज हो गया है। पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुणायत के निर्देश पर शुक्रवार को चौका थाना पुलिस ने चावलीवासा स्थित जूड़िया नाला के किनारे चल रही अवैध महुआ शराब भट्टी को ध्वस्त कर बड़ी सफलता हासिल की।
चौका थाना प्रभारी सोनू कुमार ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि जूड़िया नाला के पास लंबे समय से अवैध महुआ शराब का उत्पादन किया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने छापेमारी की। पुलिस की हलचल देखते ही भट्टी संचालक और उसके सहयोगी जंगल की आड़ लेकर भाग निकले। मौके से करीब 100 किलो जावा महुआ बरामद किया गया, जिसे नष्ट कर दिया गया। साथ ही शराब बनाने में उपयोग होने वाले ड्रम, बर्तन और अन्य उपकरण भी जब्त कर नष्ट किए गए।
थाना प्रभारी ने कहा कि अवैध शराब का कारोबार समाज के लिए नुकसानदेह है और युवाओं को गलत दिशा में ले जा रहा है। ऐसे कारोबार को किसी भी कीमत पर बढ़ने नहीं दिया जाएगा। फरार कारोबारी की पहचान कर ली गई है और उसकी गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की गई है। जल्द ही आरोपी को पकड़कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने स्थानीय ग्रामीणों से भी अपील की है कि वे क्षेत्र में किसी भी अवैध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय पर कार्रवाई की जा सके और इलाके को सुरक्षित रखा जा सके।

