Breaking
Fri. Aug 28th, 2026

विश्वकर्मा इंजीनियरिंग लूटकांड का खुलासा, दो गिरफ्तार, हथियार बरामद

जमशेदपुर। बिरसानगर थाना क्षेत्र में 10 नवंबर को विश्वकर्मा इंजीनियरिंग कंपनी में हुई लाखों की लूट की घटना का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में दो अपराधियों — अजीत बेहरा और बाबू सरदार उर्फ नेपु — को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। दोनों के पास से लूट की रकम में से 1.23 लाख रुपये नकद, एक देसी कट्टा, जिंदा कारतूस, एक स्कूटी, हेलमेट और लूट के पैसों से खरीदा गया एक मोबाइल फोन बरामद किया गया है।

मंगलवार को सिटी एसपी कुमार शिव आशीष ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि लूटकांड का मास्टरमाइंड अजीत बेहरा ही था, जो विश्वकर्मा इंजीनियरिंग कंपनी में काम करता था और उसका पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है। अजीत ने अपने चार साथियों के साथ मिलकर लूट की योजना बनाई थी, जिनमें से एक और सहयोगी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दो अन्य फरार अपराधियों की तलाश जारी है।

सिटी एसपी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में 10.25 लाख रुपये की लूट की बात सामने आई थी, लेकिन आरोपी अब इस राशि से इनकार कर रहे हैं। पुलिस के अनुसार करीब साढ़े चार लाख रुपये की लूट हुई थी, जिसमें से 1.23 लाख रुपये की बरामदगी कर ली गई है। पुलिस फरार आरोपियों की गिरफ्तारी और शेष राशि की बरामदगी का प्रयास कर रही है।

Related Post