Breaking
Mon. May 11th, 2026

सऊदी अरब में उमराह यात्रियों की बस दुर्घटनाग्रस्त, 40 से अधिक भारतीयों की मौत की आशंका

सऊदी।सऊदी अरब में रविवार को हुई एक भयावह सड़क दुर्घटना ने भारत में शोक की लहर दौड़ा दी है। मदीना के पास उमराह यात्रियों को लेकर जा रही एक बस तेल से भरे टैंकर से भीड़ गई, जिसके बाद बस बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। शुरुआती रिपोर्टों में 40 से अधिक भारतीय नागरिकों के मारे जाने की आशंका जताई गई है। अधिकतर यात्री उमराह के लिए निकले थे और हादसे के वक्त बस मदीना की ओर बढ़ रही थी।

स्थानीय मीडिया के अनुसार, मृतकों में बड़ी संख्या तेलंगाना के हैदराबाद और आसपास के क्षेत्रों के रहने वालों की बताई जा रही है। टक्कर इतनी जोरदार थी कि राहत एवं बचाव दल को कई यात्रियों के शव निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी।

घटना की जानकारी सामने आने के बाद तेलंगाना सरकार तुरंत सक्रिय हो गई। मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से हादसे पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए मुख्य सचिव और डीजीपी से विस्तृत रिपोर्ट मांगी गई है। राज्य सरकार ने स्पष्ट निर्देश दिया है कि सभी पीड़ितों की पहचान जल्द से जल्द की जाए और यह पता लगाया जाए कि कितने लोग तेलंगाना के निवासी थे। साथ ही, विदेश मंत्रालय और सऊदी अरब में भारतीय दूतावास से निरंतर संपर्क बनाकर वास्तविक स्थिति की जानकारी जुटाने को कहा गया है।

हादसे के बाद पीड़ित परिवारों को तुरंत सहायता और विश्वसनीय जानकारी मिल सके, इसके लिए सचिवालय में एक विशेष कंट्रोल रूम बनाने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। अधिकारी प्रभावित परिवारों के विवरण एकत्र कर रहे हैं, ताकि उन्हें समय पर आवश्यक सूचना उपलब्ध कराई जा सके। सरकार का कहना है कि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और सऊदी प्रशासन से भी दुर्घटना से संबंधित सभी अपडेट जुटाए जा रहे हैं।

Related Post