Breaking
Sun. Dec 7th, 2025

चाईबासा ट्रेड फेयर सह प्रथम ऑटो प्रदर्शनी का उद्घाटन*

चाईबासा: नगर परिषद् प्रशासक संतोषिणि मुर्मू और चाईबासा चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के अध्यक्ष संजय चौबे ने रविवार को गांधी मैदान में आयोजित चाईबासा ट्रेड फेयर सह प्रथम ऑटो एक्सपो 2025 का संयुक्त रूप से उद्घाटन किया। दोनों अतिथियों ने फीता काटकर और दीप प्रज्वलन कर मेले की शुरुआत की।

यह ऑटो एक्सपो चाईबासा चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के प्रयास तथा आशी नेल्सा इवेंट प्राइवेट लिमिटेड के सहयोग से पहली बार आयोजित किया जा रहा है। एक ही मंच पर Volkswagen, Hyundai, Honda, Jeep, Renault, Toyota, Yamaha, TVS, Tata Motors, Suzuki, Kia, Aprilia सहित कई प्रतिष्ठित ब्रांड अपने नवीनतम वाहन और सेवाओं का प्रदर्शन कर रहे हैं। साथ ही स्थानीय उद्यमियों और स्टार्टअप्स को भी अपने उत्पादों और नवाचारों को प्रस्तुत करने का अवसर दिया गया है।

झारखंड स्थापना दिवस के अवसर पर शुरू हुआ यह आर्ट एंड क्राफ्ट मेला सह ऑटो एक्सपो 23 नवंबर 2025 तक प्रतिदिन दोपहर 12 बजे से रात 9 बजे तक आम लोगों के लिए खुला रहेगा। मेले में कश्मीर, जोधपुर सहित देश के विभिन्न राज्यों के हस्तशिल्प से सजा शॉपिंग ज़ोन विशेष आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।

उद्घाटन अवसर पर अतिथियों ने इस आयोजन को क्षेत्र के व्यापार, उद्योग, उद्यमिता और रोजगार को बढ़ावा देने वाला महत्वपूर्ण कदम बताया। कार्यक्रम में एफजेसिसीआई के विशेष आमंत्रित सदस्य एवं चाईबासा चेंबर के पूर्व अध्यक्ष नितिन प्रकाश, मुख्य ट्रस्टी अनिल खिरवाल, निवर्तमान अध्यक्ष मधुसूदन अग्रवाल सहित चेंबर के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।

आयोजन समिति आशी नेल्सा इवेंट प्राइवेट लिमिटेड ने चाईबासा चेंबर को सहयोग के लिए विशेष धन्यवाद दिया और कहा कि व्यापारियों के हित में चेंबर की सक्रियता सराहनीय है।

Related Post