Breaking
Wed. Jul 15th, 2026

जीपी कौशल पत्रकारिता पुरस्कार का दायरा बढ़ा

जमशेदपुर : “जीपी कौशल पत्रकारिता पुरस्कार” प्रदान करने का एलान 72 वर्षों से जमशेदपुर में प्रकाशित होने वाले समाचार पत्र “आजाद मजदूर” ने सितंबर महीने में किया था, परंतु संतोष जनक प्रविष्टियां प्राप्त नहीं होने के कारण इस प्रतियोगिता का दायरा बढ़ाकर झारखंड राज्य किया जा रहा है। पहले सिर्फ कोल्हान प्रमंडल के पत्रकार ही इस प्रतियोगिता में भाग ले सकते थे। अब पूरे झारखंड राज्य के पत्रकार इस प्रतियोगिता में हिस्सा ले पाएंगे।

इस बार पुरस्कृत होने के लिए न केवल मानवाधिकार से संबंधित खबरें बल्कि खोजपूर्ण रिपोर्ट और मानवीय हित की रिपोर्टें भी मान्य होंगी। सभी मीडिया संस्थानों, चाहे प्रिंट हो या इलेक्ट्रॉनिक, के पत्रकार 1 जनवरी 2025 से 31 दिसंबर 2025 के बीच प्रकाशित या प्रसारित रिपोर्ट 31 जनवरी 2026 तक भेज सकते हैं। पुरस्कार प्रिंट मीडिया के एक तथा इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के एक पत्रकार को प्रतिवर्ष दिया जाएगा। दोनों विजेताओं को ₹10,000 और प्रमाण पत्र देने का प्रावधान है। सभी प्रतिभागी अपनी प्रकाशित या प्रसारित रिपोर्ट ईमेल kavikumar9@gmail.com पर भेज सकते हैं। आजाद मजदूर के न्यू कालीमाटी रोड, साकची, जमशेदपुर स्थित कार्यालय में भी प्रविष्टियां भेजी जा सकती हैं।

Related Post