Breaking
Sun. May 10th, 2026

एकताल गांव के पास दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर, चार लोग गंभीर रूप से घायल

जमशेदपुर। पूर्वी सिंहभूम जिले के बहरागोड़ा थाना क्षेत्र में शुक्रवार को एकताल गांव के निकट दो बाइकों की आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर में चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा इतना भीषण था कि दोनों बाइक सवार सड़क पर दूर तक जा गिरे। घायलों में दो पुरुष, एक महिला और तीन वर्षीय बच्ची शामिल हैं।

सूत्रों के अनुसार, बरागाड़िया गांव के सुकुमार मुंडा अपनी मां बैशाखी मुंडा को लेकर कहीं जा रहे थे। इसी समय ईंटामुड़ा गांव के दीपांकर मुंडा अपनी तीन साल की बेटी भाग्यलक्ष्मी मुंडा के साथ पश्चिम बंगाल की ओर जा रहे थे। एकताल गांव के पास दोनों बाइकों का नियंत्रण अचानक बिगड़ गया और देखते ही देखते दोनों वाहनों की आमने-सामने टक्कर हो गई।

हादसे के बाद चारों लोग सड़क पर गिरकर बुरी तरह घायल हो गए। दुर्घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और मानवता का परिचय देते हुए सभी घायलों को अपने निजी वाहनों से बहरागोड़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया।

सीएचसी में प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने दोनों बाइक चालकों—दीपांकर मुंडा और सुकुमार मुंडा—की स्थिति गंभीर बताई और बेहतर चिकित्सा के लिए उन्हें पीआरएम मेडिकल कॉलेज, बारीपदा (ओडिशा) रेफर कर दिया। वहीं बैशाखी मुंडा और छोटी बच्ची भाग्यलक्ष्मी मुंडा का उपचार फिलहाल बहरागोड़ा सीएचसी में जारी है।

Related Post