Breaking
Sun. Dec 7th, 2025

पति पत्नी के विवाद में पति की हुई जमकर पिटाई, मामला थाना पहुंचा

कोडरमा। कोडरमा जिले में पति पत्नी की लड़ाई में पत्नी के मायके वालों ने पति की जमकर पिटाई कर दी है। मामला जिले के मरकच्चो थाना क्षेत्र के सोनेडीह का है। मामले की जानकारी देते हुए तिलैया थाना क्षेत्र के मोरियावां निवासी पीड़ित टुनटुन बर्णवाल ने बताया कि उनके और उनकी पत्नी राखी बर्णवाल के बीच कुछ दिनों से घरेलु विवाद चल रहा था। जिसको लेकर उनकी पत्नी कुछ दिनों पूर्व ही मरकच्चो के सोनेडीह अपने मायके चली गई। इसके पश्चात उसके द्वारा महिला थाना कोडरमा में इनके विरुद्ध आवेदन भी दिया गया है। जिसकी सुनवाई को लेकर दोनों पक्षों को 6 नवम्बर को थाना बुलाया गया था। इधर टुनटुन मामले को बढ़ने नहीं देना चाहते थे और पत्नी के साथ समझौता भी करना चाह रहे थे। इन्हीं बातों को लेकर टुनटुन बुधवार को अपने कुछ साथी के साथ अपने ससुराल सोनेडीह गए हुए थे और ससुराल से कुछ दूरी पर अपने साथियों के साथ बैठकर मामले को कैसे सुलझाया जा सके इसकी चर्चा कर रहे थे। इसी दरम्यान इसकी सूचना टुनटुन के ससुर महेंद्र मोदी व उनके भाई को मिली। जिसके बाद वे उक्त जगह पहुंचे और टुनटुन के साथियों को डरा धमकाकर वहां से जाने को कहा तथा टुनटुन को अपने साथ अपने घर ले आए। उन्होंने उसे बंधक बनाकर उनकी पिटाई कर दी। इधर टुनटुन के साथियों ने इसकी सूचना टुनटुन के घर वालों को दी। जिसके बाद उनके द्वारा उक्त मामले की जानकारी मरकच्चो पुलिस को दी गई। मरकच्चो पुलिस सोनेडीह पहुंची और टुनटुन को वहां से रिहा कर थाने ले आई। इधर इस मामले को लेकर टुनटुन की पत्नी राखी बर्णवाल ने कहा है कि उनके पति टुनटुन लगातार उन पर अत्याचार करते आए हैं। वे लगातार उनके द्वारा प्रताड़ित होती रही हैं। वहीं उन्होंने कहा कि पिछले 6 माह से वे मोरियांवा स्थित अपने ससुराल में ही थीं, लेकिन इस बीच उनका सारा खर्च उनके पिता दे रहे थे। उनके पति उन्हें लगातार नजरअंदाज कर रहे हैं और अपने साथ रखना भी नहीं चाहते हैं। इधर इस पूरे मामले को लेकर राखी के द्वारा कोडरमा महिला थाना में आवेदन दिया गया है। वहीं उसके पिता के द्वारा उनके पति के साथ मारपीट के मामले को झूठा बताया है।

Related Post