Breaking
Mon. Jul 13th, 2026

शास्त्रीनगर में विवाहिता ने फांसी लगाकर दी जान, पति फरार, मायके वालों ने जताई हत्या की आशंका

जमशेदपुर। कदमा थाना क्षेत्र के शास्त्रीनगर में मंगलवार दोपहर एक विवाहिता ने संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतका की पहचान गीता सोना के रूप में की गई है। घटना के वक्त घर पर केवल उसके दो छोटे बच्चे मौजूद थे, जबकि पति सोनू सिंह दिहाड़ी मजदूरी के लिए बाहर गया हुआ था।

जानकारी के अनुसार, जब सोनू मंगलवार दोपहर काम से घर लौटा तो उसने गीता को फंदे से लटका पाया। उसने तुरंत महिला के मायके वालों को सूचना दी। मायके वालों के पहुंचने पर शव को फंदे से उतारा गया। इसके बाद सोनू ने टेंपो बुलाने की बात कहकर घर से निकल गया और तब से वह फरार है।

मृतका की मां कृष्ण बाग ने बताया कि करीब सात वर्ष पूर्व गीता का शास्त्रीनगर में फेरी करने वाले सोनू सिंह से प्रेम संबंध हुआ था। दोनों दिल्ली भाग गए थे और वहीं विवाह किया था। लगभग आठ महीने पहले ही दंपति अपने बच्चों के साथ जमशेदपुर लौटे थे। मायके वालों ने बताया कि बीती रात पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था, जिसके बाद गीता ने यह कदम उठाया।

गीता के दो छोटे बच्चे हैं — एक सात साल का और दूसरा ढाई साल का। घटना की सूचना मिलते ही कदमा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर बुधवार को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।

फिलहाल आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस मामले की जांच कर रही है, वहीं मायके वालों ने इस घटना को संदेहास्पद बताते हुए पति की भूमिका की जांच की मांग की है।

Related Post