Breaking
Wed. Nov 4th, 2026

बारिश बनी मुसीबत: दलमा सेंचुरी के माकुलाकोचा गांव में ढहे कई घर, लोग आंगनबाड़ी केंद्र में शरण को मजबूर

सरायकेला:लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने दलमा सेंचुरी की तराई में बसे आदिवासी बहुल माकुलाकोचा गांव में तबाही मचा दी है। मिट्टी से बने कई घर पूरी तरह ढह चुके हैं, जबकि अन्य घरों में पानी टपकने से रहना मुश्किल हो गया है। हालात इतने खराब हो चुके हैं कि गांव के दर्जनों परिवारों को आंगनबाड़ी केंद्र में शरण लेनी पड़ी है।

भमर सिंह, बिनोता सिंह और सोतिला सिंह जैसे कई ग्रामीणों के घर पूरी तरह से जमींदोज हो गए हैं। गांव के अन्य मकान भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हैं, जिससे लोगों में डर का माहौल है और वे किसी भी समय और नुकसान की आशंका में जी रहे हैं।

ग्रामीणों का कहना है कि अभी तक न तो पंचायत प्रतिनिधि और न ही जिला प्रशासन का कोई अधिकारी राहत पहुंचाने आया है। न खाने-पीने की सामग्री उपलब्ध कराई गई है, न ही रहने के लिए अस्थायी व्यवस्था। प्रशासन की इस बेरुखी को लेकर लोगों में गहरी नाराजगी है।

ग्रामीणों की मांग है कि जल्द से जल्द प्रभावित परिवारों को राहत सामग्री, अस्थायी आवास और पुनर्वास की व्यवस्था उपलब्ध कराई जाए।

Related Post