Breaking
Sun. May 10th, 2026

स्वर्णरेखा नदी में बढ़ते जलस्तर को लेकर प्रशासन सतर्क, मानगो के तटीय क्षेत्रों में जलनिकासी व्यवस्था का निरीक्षण

जमशेदपुर।पूर्वी सिंहभूम जिला में लगातार हो रही बारिश और स्वर्णरेखा नदी के जलस्तर में वृद्धि को देखते हुए मानगो नगर प्रशासनिक समिति (एमएनएसी) की टीम द्वारा नगर निकाय क्षेत्र के तटीय एवं निम्न इलाकों का व्यापक निरीक्षण किया गया। इस दौरान जलजमाव की स्थिति, जलनिकासी की व्यवस्था और नालों की सफाई की स्थिति का गहन आकलन किया गया।

टीम ने विभिन्न घाटों और संभावित प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया तथा स्थानीय स्तर पर तैनात कर्मियों को सतत निगरानी बनाए रखने के निर्देश दिए। विशेष रूप से यह सुनिश्चित करने को कहा गया कि अचानक जलस्तर बढ़ने या तेज बारिश होने की स्थिति में तत्काल राहत और सुरक्षा कार्यवाही की जा सके।

प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे नदी के तटीय एवं निम्न क्षेत्रों से सुरक्षित दूरी बनाए रखें और वर्षा के दौरान ऊँचे स्थलों पर रहने का प्रयास करें। इसके साथ ही आम लोगों से अनुरोध किया गया है कि वे नालों और जलजमाव वाले क्षेत्रों में कचरा न फेंके, जिससे जलनिकासी व्यवस्था बाधित न हो और स्वच्छता बनी रहे।

एमएनएसी ने आश्वस्त किया है कि जलजमाव की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और आवश्यकतानुसार त्वरित कदम उठाए जा रहे हैं ताकि किसी भी आपात स्थिति से निपटा जा सके।

Related Post