Breaking
Fri. Oct 30th, 2026

रेलवे ट्रैक पर कटकर युवक की दर्दनाक मौत, आत्महत्या की आशंका

चाईबासा। पश्चिम सिंहभूम जिला में सोमवार तड़के चाईबासा के बरकंदाज टोली में उस समय सनसनी फैल गई, जब 23 वर्षीय अजीत टोप्पो (पिता गुड्डू टोप्पो) का शव रेलवे ट्रैक पर क्षत-विक्षत अवस्था में मिला। घटना सुबह करीब 5:15 से 5:30 बजे के बीच चाईबासा रेलवे स्टेशन से लगभग 500 मीटर दूर ओवरब्रिज के सामने पोल संख्या 312/13 और 312/15 के बीच हुई।

मिली जानकारी के अनुसार, अजीत टोप्पो सुबह अचानक घर से निकल गया था। परिजनों के कुछ समझने से पहले ही उन्हें सूचना मिली कि अजीत ने ट्रेन के आगे कटकर आत्महत्या कर ली है। अजीत के पिता गुड्डू टोप्पो ने बताया कि उनका बेटा इंटर पास करने के बाद पढ़ाई छोड़कर छोटे-मोटे काम कर रहा था। घर में किसी प्रकार का विवाद या तनाव नहीं था, जिससे समझ नहीं आ रहा है कि उसने यह कदम क्यों उठाया।

ग्राम के मुखिया लालू कुजूर ने बताया कि सूचना मिलते ही वह मौके पर पहुंचे, जहां अजीत का सिर धड़ से अलग पड़ा था। परिजनों और ग्रामीणों से बातचीत में किसी विवाद की बात सामने नहीं आई।

घटना की सूचना मिलते ही जीआरपी (चाईबासा रेलवे थाना) की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस का कहना है कि मामला जांच के अधीन है और जल्द ही कारणों का पता लगाया जाएगा।

Related Post