Breaking
Wed. Jul 15th, 2026

पलामू में वज्रपात से चार लोगों की दर्दनाक मौत

पलामू :* जिले में बुधवार को वज्रपात की चपेट में आकर चार लोगों की मौत हो गई। यह हादसा अलग-अलग स्थानों पर उस समय हुआ जब लोग खेतों में कृषि कार्य में लगे हुए थे। पहली घटना पांकी प्रखंड के केकरगढ़ पंचायत अंतर्गत ग्राम जोल्हबिघा में घटी, जहाँ शाम के समय धान की रोपाई के दौरान तीन महिलाओं की वज्रपात से मौत हो गई।

मृतकों में ओकीदा खातून (34) और रेशमी बीवी (35) शामिल हैं, जो जरीफ अंसारी की बेटियां थीं और जोल्हबिघा गांव की निवासी थीं। तीसरी मृतका राजवी बीबी (40) थीं, जो माशूक अंसारी की पत्नी थीं। वह ग्राम पारसवां की निवासी थीं और अपने मायके जोल्हबिघा में धान की रोपाई में मदद करने आई थीं।

वहीं दूसरी घटना पाटन थाना क्षेत्र के नावाडीह भुड़वा गांव में सामने आई, जहाँ 32 वर्षीय निरंजन मेहता खेत में धान का बिजड़ा ढो रहे थे। अचानक मौसम बिगड़ गया और तेज वज्रपात की चपेट में आने से उनकी घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई। निरंजन मेहता अपने पीछे दो छोटे बच्चों को छोड़ गए हैं, जिनमें एक बेटी मात्र डेढ़ वर्ष की है। इस हृदयविदारक घटना से गांव में शोक की लहर है और परिजन गहरे सदमे में हैं।

Related Post