Breaking
Sun. May 31st, 2026

टेल्को कॉलोनी में फिर चोरों का कहर, लाखों के गहने और नकदी पर हाथ साफ

जमशेदपुर। टेल्को थाना क्षेत्र की टेल्को कॉलोनी में चोरी की घटनाएं रुकने का नाम नहीं ले रही हैं। रोड नंबर-20 स्थित क्वार्टर नंबर K2/8 में चोरों ने पीछे के गेट की कुंडी उखाड़कर घर में घुसपैठ की और दो अलमारियों को तोड़ डाला। अलमारियों से करीब 40 हजार रुपये नकद और लाखों रुपये मूल्य के सोने-चांदी के गहने लेकर चोर फरार हो गए। इसके अलावा चोरों ने एटीएम कार्ड, आधार कार्ड और ड्राइविंग लाइसेंस समेत कई जरूरी दस्तावेज भी चुरा लिए हैं।

घटना की सूचना गुरुवार देर रात पीड़ित राजीव कुमार दास ने टेल्को थाना को दी। राजीव कुमार दास बी शिफ्ट ड्यूटी कर रात में जब घर लौटे तो देखा कि ताला टूटा हुआ है। उनकी पत्नी अपनी बहन के यहां रांची धुर्वा गई हुई हैं जबकि बेटी भुवनेश्वर में पढ़ाई कर रही है। उन्होंने बताया कि फिलहाल उन्होंने पुलिस जांच के चलते घर का सामान नहीं छुआ है। उनकी पत्नी के लौटने के बाद ही चोरी गए कुल सामान का पूरा आकलन हो सकेगा।

दिनदहाड़े हुई इस घटना से टेल्को कॉलोनी में दहशत का माहौल है। लोगों का कहना है कि पुलिस की पेट्रोलिंग व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं क्योंकि आए दिन हो रही चोरी की घटनाओं ने सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल दी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Related Post