जमशेदपुर: सुंदरनगर के कलियाबेड़ा मेन रोड पर आज शाम दो बाइकों के आमने-सामने टकराने से एक व्यक्ति की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दूसरा बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को तत्काल खासमहल के सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
हादसे की सूचना मिलते ही सुंदरनगर थाना प्रभारी पवन कुमार अस्पताल पहुंचे और घायलों का हालचाल जाना। बताया जा रहा है कि हादसे के समय एक बाइक पर पति-पत्नी सवार थे। टक्कर इतनी भयंकर थी कि पति की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। पत्नी सदमे में बेसुध होती रही और बार-बार रोती नजर आई। मृतक की पहचान ओड़िशा के रहने वाले के रूप में हुई है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि कलियाबेड़ा मेन रोड सुनसान और खाली होने के कारण यहां वाहनों की रफ्तार अक्सर तेज होती है, जिससे पहले भी कई दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। इस घटना के बाद आसपास के लोग घटनास्थल पर एकत्रित हो गए और घायल को अस्पताल पहुंचाने में मदद की।
पुलिस ने मृतक का शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी ने कहा कि सड़क पर तेज रफ्तार और सुरक्षा के अभाव में इस तरह की दुर्घटनाएं होती रहती हैं, इसलिए सभी से सावधानी बरतने की अपील की गई है।
यह हादसा एक परिवार के लिए बड़ा सदमा साबित हुआ है और स्थानीय प्रशासन से सड़क सुरक्षा के लिए कड़े कदम उठाने की मांग उठ रही है।

