Breaking
Tue. Jul 21st, 2026

देवघर: शिक्षक ने प्रधानाध्यापिका को क्लास में मारी गोली, एमडीएम के पैसे को लेकर विवाद

देवघर: जिले के मोहनपुर प्रखंड स्थित चितरपोका उत्क्रमित मध्य विद्यालय में गुरुवार को दिल दहला देने वाली घटना हुई। स्कूल के शिक्षक शैलेश कुमार यादव ने प्रधानाध्यापिका चांदनी कुमारी को क्लासरूम में गोली मार दी। गोली उनके हाथ में लगी, जिससे वह घायल हो गईं। उन्हें देवघर सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी सर्जरी जारी है। घटना के बाद आरोपी शिक्षक फरार हो गया है।

 

एमडीएम योजना के पैसे को लेकर विवाद

घायल प्रधानाध्यापिका चांदनी कुमारी ने बताया कि शिक्षक शैलेश यादव मध्यान्ह भोजन (एमडीएम) योजना के पैसे में हिस्सा मांग रहे थे। जब उन्होंने इसका विरोध किया, तो शिक्षक ने गुस्से में क्लासरूम में घुसकर गोली चला दी।

 

स्कूल में दहशत, बच्चे सहमे

इस घटना से स्कूल परिसर में हड़कंप मच गया। गोलीबारी के बाद सभी छात्र-छात्राएं डर के मारे अपने घर चले गए। घटना के समय क्लास में मौजूद कई बच्चे इस घटना के चश्मदीद हैं।

 

आरोपी फरार, पुलिस जांच में जुटी

वारदात के बाद शिक्षक शैलेश यादव मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर मोहनपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी तेज कर दी है।

 

प्रधानाध्यापिका ने बताया कि शिक्षक पहले से ही उनकी हत्या की साजिश रच रहे थे। घटना से इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है।

Related Post