घाटशिला कमलेश सिंह
अगर कोरोना से बचना है तो सभी को वैक्सीन लेना होगा, कोरोना से बचाव के लिए टीकाकरण के तीसरे चरण में 60 साल के पार बुजुर्गों में उत्साह नहीं दिख रहा है। यहां 60 साल से ऊपर आयुवालों को मुफ्त में वैक्सीन दी जा रही है। इसके बाद भी दो दिनों में केवल 53 बुजुर्गों ने ही वैक्सीन लगवायी। इसमें भी अन्य वारियर्स शामिल हैं, ये शुभ संकेत नहीं है। स्वास्थ्य विभाग की गाइडलाइन के अनुसार, कम से कम आबादी के 75 फीसदी लोगों को वैक्सीन देना जरूरी है।
पहले दिन केवल 20 और दूसरे दिन केवल 33 लोग ही आधार कार्ड लेकर सुबह से अस्पताल पहुंचे। स्थिति यह रही कि टीका लगाने के लिए दिनभर स्वास्थ्य कर्मचारी टकटकी लगा रहे। एक वाइल में 20 लोगों को टीका दिया जाता है। यहां मंगलवार को दो वाइल खोली गयी। इसमें 33 लोगों को वैक्सीन दी गई।
क्या कहते हैं चिकित्सा पदाधिकारी
अनुमंडल अस्पताल केे चिकित्सा प्रभारी डॉ शंकर टुडू और बीपीएम मयंक कुमार सिंह ने संयुक्त रूप से संवाददाता सम्मेलन करते हुए बताया कि लोगों में जागरूकता केे अभाव के कारण टीकाकरण के रफ्तार काफी धीमी है। ऐसी संभावना जतायी जा रही थी कि टीकाकरण के लिए काफी भीड़ जुटेगी पर ऐसा नहीं हो रहा है।
2 फरवरी से 26 फरवरी तक हेल्थ वर्कर तथा फ्रंट लाइन वारियर्स को मिलाकर 1488 लोगों को टीकाकरण किया गया। अब दूसरे फेज में 2 मार्च से टीकाकरण शुरू किया गया है। एक मार्च से 60 साल से अधिक आयुवाले व 45 साल से 59 तक गंभीर बीमारी से पीड़ित लोगों को टीकाकरण किया जाना है। गंभीर बीमारी से पीड़ित लोगों को डाक्टर का प्रमाण पत्र दिखाना होगा।

