Breaking
Tue. Jun 30th, 2026

डबल डाउन बार हत्याकांड: कांग्रेस ने एडीजीपी और एसएसपी से की मुलाकात, दोषियों की गिरफ्तारी व पीड़ित परिवार को सरकारी नौकरी की मांग

जमशेदपुर। बिष्टुपुर स्थित डबल डाउन (डीडी) बार के समीप हुए चर्चित हत्याकांड को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। मंगलवार को पूर्वी सिंहभूम जिला कांग्रेस कमेटी का एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल जिलाध्यक्ष परविंदर सिंह के नेतृत्व में झारखंड के एडीजीपी मनोज कौशिक और वरीय पुलिस अधीक्षक पीयूष पांडेय से मिला। प्रतिनिधिमंडल ने घटना को लेकर गहरी चिंता जताते हुए विस्तृत मांगपत्र सौंपा और दोषियों के खिलाफ त्वरित एवं कठोर कार्रवाई की मांग की।

प्रतिनिधिमंडल में प्रदेश कांग्रेस के जिला प्रभारी शशिभूषण राय, 44 विधानसभा प्रभारी नीरज भोक्ता, जिला कार्यकारी अध्यक्ष अवधेश सिंह, उपाध्यक्ष संजय सिंह आजाद, अंसार खान, आशुतोष कुमार सिंह, फिरोज खान, अमित श्रीवास्तव, नलिनी सिन्हा, लव कुमार निराला, गुरदीप सिंह सोहल, प्रताप यादव, रूबी ठाकुर, शिबु सिंह और रंजीत सिंह समेत कई नेता शामिल थे।

कांग्रेस नेताओं ने मांगपत्र में कहा कि हत्याकांड के सभी आरोपितों की जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित कर उनके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए। साथ ही मृतक के परिवार को न्याय दिलाने के लिए उसकी पत्नी को राज्य सरकार की ओर से तत्काल सरकारी नौकरी देने की प्रक्रिया शुरू की जाए। उन्होंने यह भी मांग की कि घटना के दौरान लापरवाही बरतने वाले संबंधित पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों की भूमिका की निष्पक्ष जांच कर उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करते हुए कड़ी विभागीय कार्रवाई की जाए।

जिलाध्यक्ष परविंदर सिंह और जिला प्रभारी शशिभूषण राय ने डबल डाउन बार में संचालित गतिविधियों की उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग करते हुए आरोप लगाया कि बार में होने वाले विवादों को समय रहते नियंत्रित करने के बजाय बाउंसरों के माध्यम से उन्हें सड़क तक पहुंचा दिया जाता है, जिससे आम लोगों की सुरक्षा प्रभावित होती है। कांग्रेस ने बार संचालक मीरत सिंह के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर उनकी गिरफ्तारी तथा घटना में शामिल सभी बाउंसरों के खिलाफ भी सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की।

जिला कार्यकारी अध्यक्ष अवधेश सिंह ने कहा कि जमशेदपुर और पूर्वी सिंहभूम में लगातार बढ़ रहे अपराध, असामाजिक तत्वों की सक्रियता तथा मादक पदार्थों की अवैध बिक्री चिंता का विषय है। उन्होंने अपराध नियंत्रण के लिए विशेष अभियान चलाने, नशे के कारोबार पर प्रभावी रोक लगाने और शहर में कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत करने की आवश्यकता पर बल दिया। कांग्रेस नेताओं ने शहर में रात 11 बजे के बाद बार एवं रेस्टोरेंट के संचालन पर सख्ती से प्रतिबंध लागू कराने की भी मांग उठाई।

प्रतिनिधिमंडल की बात सुनने के बाद एडीजीपी मनोज कौशिक और एसएसपी पीयूष पांडेय ने सभी मांगों पर गंभीरता से विचार करने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि मामले में निष्पक्ष जांच जारी है और कानून के अनुसार दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। साथ ही शहर में शांति, सुरक्षा और बेहतर कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

Related Post