जमशेदपुर। झारखंड भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं पूर्व विधायक भानु प्रताप शाही दो दिवसीय संगठनात्मक दौरे पर सोमवार को जमशेदपुर पहुंचे। अपने प्रवास के पहले दिन उन्होंने भाजपा जमशेदपुर महानगर इकाई की विभिन्न बैठकों में हिस्सा लिया और संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने, कार्यकर्ताओं की भागीदारी बढ़ाने तथा आगामी कार्यक्रमों की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की।
बिष्टुपुर स्थित परमहंस लक्ष्मीनाथ गोस्वामी मंदिर में भाजपा महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में जिला पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, मंडल प्रभारी और विभिन्न मोर्चों के जिलाध्यक्ष शामिल हुए। बैठक में संगठन के विस्तार, आगामी अभियानों और कार्यकर्ताओं की भूमिका को लेकर विचार-विमर्श किया गया। इस अवसर पर जिला प्रभारी बबन गुप्ता भी उपस्थित रहे।
बैठक को संबोधित करते हुए भानु प्रताप शाही ने कहा कि भाजपा की सबसे बड़ी ताकत उसके समर्पित कार्यकर्ता हैं। उन्होंने कहा कि जमीनी स्तर पर कार्य कर रहे कार्यकर्ताओं के सुझाव, अनुभव और समस्याओं को गंभीरता से प्रदेश नेतृत्व के समक्ष रखा जाएगा ताकि संगठन को और अधिक प्रभावी एवं जनोन्मुख बनाया जा सके। उन्होंने भरोसा दिलाया कि संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करने के लिए कार्यकर्ताओं की अपेक्षाओं के अनुरूप हर संभव कदम उठाए जाएंगे।
अपने प्रवास के दौरान भानु प्रताप शाही ने पूर्व जिलाध्यक्षों, पूर्व प्रदेश पदाधिकारियों, पूर्व जिला पदाधिकारियों तथा निवर्तमान मंडल अध्यक्षों के साथ अलग बैठक भी की। इस दौरान उन्होंने संगठन की वर्तमान स्थिति, जमीनी अनुभव और भविष्य की रणनीति को लेकर वरिष्ठ नेताओं से सुझाव प्राप्त किए। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ कार्यकर्ताओं का अनुभव संगठन की महत्वपूर्ण पूंजी है और उनके मार्गदर्शन से भाजपा का जनसंपर्क अभियान और अधिक मजबूत होगा।
बैठक में महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा ने पिछले एक महीने में आयोजित संगठनात्मक कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए आगामी गतिविधियों की रूपरेखा प्रस्तुत की। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं के सहयोग और समर्पण से महानगर इकाई लगातार संगठन और जनहित के मुद्दों पर सक्रियता से काम कर रही है।
जिला प्रभारी बबन गुप्ता ने हाल के संगठनात्मक कार्यक्रमों की सराहना करते हुए एसआईआर से जुड़े विषयों पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने आगामी कार्यक्रमों के सफल संचालन के लिए आवश्यक तैयारियों और रणनीति पर भी अपने विचार रखे।
शाम के समय भानु प्रताप शाही ने मानगो स्थित एक होटल में विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों से मुलाकात कर सामाजिक सरोकारों से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की और उनके सुझाव सुने।
अपने दौरे के दूसरे दिन मंगलवार को वह विचार परिवार के वरिष्ठजनों से मुलाकात करेंगे। इसके बाद सीतारामडेरा और गोलमुरी मंडल में बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर संगठनात्मक गतिविधियों तथा जनसंपर्क अभियानों की समीक्षा करेंगे।

