जमशेदपुर, 29 जून। *सिंहभूम चैंबर ऑफ़ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के उपाध्यक्ष (ट्रेड एंड कॉमर्स) अनिल मोदी* ने शहर में लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाओं पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए कहा है कि आए दिन चोरी, छिनतई, चाकूबाजी तथा व्यापारियों के साथ मारपीट एवं झड़प की घटनाएं सामने आ रही हैं। इससे आम नागरिकों एवं व्यापारियों में भय और असुरक्षा का माहौल व्याप्त हो गया है।
उन्होंने कहा कि अपराधियों का मनोबल लगातार बढ़ता जा रहा है, जबकि कानून-व्यवस्था को लेकर लोगों का विश्वास कमजोर पड़ रहा है। कल बिष्टुपुर में पुलिसकर्मियों की मौजूदगी में युवकों पर हुआ हमला असामाजिक तत्वों के बढ़ते दुस्साहस का प्रतीक है। ऐसी घटनाएं यह दर्शाती हैं कि अपराधियों में पुलिस का भय कम होता जा रहा है।
अनिल मोदी ने कहा कि उक्त घटना में *डी.डी. बार के मालिक नीरज सिंह पर मामला दर्ज किया जाना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण एवं निंदनीय है।* यदि किसी होटल या अन्य व्यापारिक प्रतिष्ठान में बाहरी लोगों के दो गुट आपस में लड़ाई-झगड़ा करते हैं, तो उसके लिए प्रतिष्ठान के संचालक को जिम्मेदार ठहराना न्यायसंगत नहीं है। इससे व्यापारियों में अनावश्यक भय और असंतोष उत्पन्न होगा।
उन्होंने जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन से शहर में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने, अपराधियों के विरुद्ध कठोर एवं प्रभावी कार्रवाई करने तथा निर्दोष व्यापारियों को अनावश्यक कानूनी कार्रवाई से बचाने की मांग की। उन्होंने कहा कि व्यापारियों एवं आम जनता की सुरक्षा सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है, ताकि वे निर्भय होकर अपना व्यवसाय संचालित कर सकें।

