Breaking
Thu. Jun 25th, 2026

सुब्रतो कप फुटबॉल प्रतियोगिता में संत जेवियर्स लुपुंगुटु और जिला स्कूल बने विजेता

चाईबासा: जिला स्कूल मैदान में गुरुवार को झारखंड शिक्षा परियोजना, पश्चिमी सिंहभूम के सदर प्रखंड इकाई के तत्वावधान में प्रखंड स्तरीय सुब्रतो कप फुटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में चाईबासा क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों की अंडर-15 और अंडर-17 बालक एवं बालिका टीमों ने भाग लिया।

अंडर-17 बालिका वर्ग के फाइनल मुकाबले में संत जेवियर्स लुपुंगुटु की टीम ने पीएमश्री राजकीय कन्या उच्च विद्यालय को 2-0 से पराजित कर खिताब अपने नाम किया। संत जेवियर्स की ओर से जेश्मी टुडू और अमृता कुमारी ने गोल कर टीम को जीत दिलाई।

अंडर-17 बालक वर्ग के फाइनल मुकाबले में संत जेवियर्स लुपुंगुटु और जिला स्कूल चाईबासा के बीच रोमांचक मुकाबला हुआ। निर्धारित समय तक मुकाबला बराबरी पर रहने के बाद ट्राईब्रेकर में जिला स्कूल की टीम ने 3-2 से जीत दर्ज की।

वहीं अंडर-15 बालक वर्ग में संत जेवियर्स चाईबासा और जिला स्कूल के बीच खेले गए मुकाबले में संत जेवियर्स बालक मध्य विद्यालय की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 4-0 से जीत हासिल की। टीम की ओर से दुलाराम मुर्मू ने हैट्रिक गोल किया, जबकि सुशांत सुंडी ने एक गोल किया।

प्रतियोगिता के विजेता और उपविजेता टीमों को प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी शकुंतला बानरा एवं वरीय सीआरपी शैलेश वर्मा ने ट्रॉफी और मेडल प्रदान कर सम्मानित किया।

इस अवसर पर आयोजन समिति के सदस्य कृष्णा देवगम, सरस्वती सामड, पूनम कुजूर, हेमंत सिंकू, शिवानी सिंह तिरिया, स्वीटी सिंह, जोन कायम, चंद्र मोहन सावैयां, मुकेश कुमार, संजीव कुमार बलमुचु, सतीश पाटिल, शैलेश वर्मा, प्रतिमा कालुंडिया, प्रमोद सोय और कुलदीप कुजूर सहित अन्य उपस्थित थे।

मैच में रेफरी की भूमिका मानकी कुदादा, नरपति बिरुवा, एमडी ताह, शुभम तांती, जीवन किशोर बारी और कन्हैया किशोर पुरती ने निभाई।

Related Post