जमशेदपुर। सोनारी थाना क्षेत्र में महिला शिक्षिका से बैग छीनकर फरार होने वाले दो अपराधियों को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से छीना गया मोबाइल फोन, महत्वपूर्ण दस्तावेज तथा वारदात में इस्तेमाल की गई स्कूटी भी बरामद कर ली है। मामले का खुलासा गुरुवार को आयोजित प्रेस वार्ता में डीएसपी हेडक्वार्टर-2 मनोज कुमार ने किया।
जानकारी के अनुसार टेल्को कॉलोनी निवासी रोसलीन राज मंगलवार दोपहर अक्षरा इंटरनेशनल स्कूल, सोनारी में आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम से लौट रही थीं। दोपहर करीब साढ़े बारह बजे जब वह जी रोड के पास पहुंचीं, तभी स्कूटी पर सवार दो युवकों ने उनके कंधे से बैग झपट लिया और मौके से फरार हो गए। बैग में मोबाइल फोन, आधार कार्ड, पैन कार्ड, नकद राशि और प्रशिक्षण से संबंधित पुस्तकें रखी हुई थीं।
घटना की सूचना मिलते ही वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सोनारी थाना प्रभारी के नेतृत्व में विशेष जांच टीम का गठन किया गया। टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले तथा तकनीकी साक्ष्यों और गुप्त सूचनाओं के आधार पर आरोपियों की पहचान सुनिश्चित की। इसके बाद मानगो क्षेत्र में छापेमारी कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शास्त्रीनगर निवासी 26 वर्षीय मो. आरजू और धतकीडीह निवासी 28 वर्षीय मो. वसीम के रूप में हुई है। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि मो. आरजू के खिलाफ पूर्व में कदमा थाना में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से पीड़िता का रियलमी 13 प्रो मोबाइल फोन, आधार कार्ड, पैन कार्ड, चाबियों का गुच्छा, रोजरी माला तथा घटना में प्रयुक्त काले रंग की एक्सेस-125 स्कूटी बरामद की है। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है।

