Breaking
Wed. Jun 24th, 2026

नोवामुंडी में विवाहिता ने फांसी लगाकर दी जान, पति के साथ लौटने के कुछ घंटे बाद हुई घटना

चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के नोवामुंडी थाना क्षेत्र अंतर्गत हरिजन बस्ती में 26 वर्षीय विवाहिता मनीषा मुखी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना मंगलवार देर शाम की बताई जा रही है। घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है। बुधवार को पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल चाईबासा भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार मनीषा मुखी पिछले डेढ़ से दो माह से अपने परिवार से अलग किसी अन्य व्यक्ति के साथ रह रही थी। इस दौरान पति गुरुवा मुखी ने बच्चों और परिवार के भविष्य को देखते हुए पत्नी को वापस लाने का प्रयास किया था। मामले को लेकर गुरुवा मुखी ने सदर थाना में लिखित आवेदन भी दिया था। थाना में दोनों पक्षों के बीच समझौता होने के बाद मंगलवार को ही वह मनीषा को वापस घर लेकर आया था।

पति गुरुवा मुखी ने बताया कि घर लौटने के बाद मनीषा काफी परेशान और मानसिक रूप से व्यथित लग रही थी। उसने अपने किए को लेकर पछतावा भी जताया था। घटना से कुछ समय पहले मनीषा ने उसे बाजार जाने के लिए कहा और एटीएम कार्ड देते हुए कहा कि मंईयां सम्मान योजना का पैसा आया होगा, उसे निकाल लेना और दोनों बच्चों के लिए खाने-पीने का सामान लेते आना।

गुरुवा मुखी के अनुसार, जब वह बाजार गया हुआ था, तभी पड़ोसियों ने फोन कर घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही वह घर पहुंचा। परिजनों और स्थानीय लोगों की मदद से मनीषा को नोवामुंडी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

बताया जाता है कि मनीषा और गुरुवा मुखी की शादी करीब दस वर्ष पहले हुई थी। दोनों के दो बच्चे हैं। पति ने बताया कि बच्चों की खातिर उसने पत्नी को समझाकर वापस घर लाने का प्रयास किया था, लेकिन घर लौटने के कुछ ही घंटों बाद यह घटना हो गई।

पुलिस ने इस मामले में यूडी केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Related Post