Breaking
Sat. Oct 10th, 2026

*सीआरपीएफ जवानों के साथ इनर व्हील क्लब ने मनाया रक्षाबंधन*

चाईबासा: इनर व्हील क्लब चाईबासा की ओर से स्थानीय पुलिस लाइन में प्रतिवर्ष की तरह इस वर्ष भी देश की सुरक्षा में तैनात सीआरपीएफ जवानों के साथ रक्षाबंधन समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में क्लब की सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अधिकारियों एवं जवानों को राखी बांधकर मिठाई खिलाई।

कार्यक्रम का उद्देश्य रक्षाबंधन के पर्व के माध्यम से सम्मान, सुरक्षा और जिम्मेदारी के बंधन को मजबूत करने का संदेश देना था। क्लब की सदस्यों ने कहा कि देश की सुरक्षा में तैनात जवान दिन-रात अपने परिवार से दूर रहकर राष्ट्र और समाज की सेवा करते हैं। ऐसे में उनके साथ रक्षाबंधन मनाकर उन्हें यह एहसास कराने का प्रयास किया गया कि देशवासी उनके साथ खड़े हैं।

कार्यक्रम की शुरुआत क्लब की सदस्यों के स्वागत से हुई। इस दौरान सीआरपीएफ अधिकारी डीएन सिंह ने रक्षाबंधन के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि यह पर्व भाई-बहन के रिश्ते के साथ-साथ आपसी सम्मान, विश्वास और सामाजिक एकता की भावना को भी मजबूत करता है।

इसके बाद इनर व्हील क्लब की अध्यक्ष ममता ने कमांडर जितेंद्र कुमार को राखी बांधी और उपहार भेंट किया। इसके बाद क्लब की अन्य सदस्यों ने सीआरपीएफ के अधिकारियों और जवानों की कलाई पर राखी बांधी तथा उन्हें मिठाई खिलाई। कार्यक्रम के दौरान जवानों के प्रति सम्मान और अपनत्व का भाव देखने को मिला।

सीआरपीएफ के अधिकारियों ने भी इनर व्हील क्लब की सदस्यों का स्वागत और सम्मान किया। इस दौरान उन्हें मिठाइयां और उपहार भेंट किए गए। अधिकारियों और जवानों ने सुरक्षा एवं सहयोग का भरोसा भी दिलाया।

क्लब की अध्यक्ष ममता ने कहा कि रक्षाबंधन का पर्व समाज में आपसी प्रेम, सौहार्द और एकता की भावना को मजबूत करता है। देश की सुरक्षा में योगदान देने वाले जवानों के साथ इस पर्व को मनाना क्लब के लिए विशेष अनुभव है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी इस तरह के सामाजिक एवं सेवा कार्यों का आयोजन किया जाएगा।

कार्यक्रम के माध्यम से रक्षाबंधन के पारंपरिक रिश्ते से आगे बढ़कर सामाजिक एकता, सम्मान और राष्ट्रसेवा के प्रति कृतज्ञता का संदेश दिया गया।

Related Post

You Missed