Breaking
Wed. Jun 24th, 2026

सारंडा के टाटिबा जंगल में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, तीन अवैध शराब भट्ठियां ध्वस्त

चाईबासा: पश्चिम सिंहभूम जिले के किरीबुरू थाना क्षेत्र में नशा मुक्त अभियान के तहत पुलिस ने अवैध शराब कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। बुधवार को थाना प्रभारी रोहित कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सारंडा के टाटिबा गांव के समीप जंगल और पहाड़ी इलाके में संचालित तीन अवैध शराब भट्ठियों को ध्वस्त कर दिया। पुलिस की अचानक छापेमारी से अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मच गया और वे मौके से फरार हो गए।

पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि टाटिबा के आसपास के घने जंगलों में बड़े पैमाने पर महुआ शराब का निर्माण किया जा रहा है। सूचना के आधार पर गठित विशेष टीम ने क्षेत्र में सघन छापेमारी अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने जंगल के भीतर कई स्थानों पर अवैध शराब निर्माण की गतिविधियां संचालित होती पाईं।

छापेमारी के दौरान पुलिस ने बड़ी मात्रा में जावा महुआ बरामद कर उसे नष्ट कर दिया। वहीं शराब बनाने में उपयोग किए जा रहे प्लास्टिक ड्रम, चूल्हे, बर्तन और अन्य उपकरणों को भी मौके पर ही क्षतिग्रस्त कर दिया गया। पुलिस के अनुसार इस कार्रवाई से अवैध कारोबारियों को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है।

हालांकि पुलिस के पहुंचने से पहले ही शराब माफिया जंगल का फायदा उठाकर भागने में सफल रहे, लेकिन पुलिस का दावा है कि उनकी पहचान कर ली गई है। संबंधित लोगों की गिरफ्तारी के लिए आगे की कार्रवाई जारी है।

क्षेत्र में लगातार हो रही पुलिस कार्रवाई से अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के बीच दहशत का माहौल है। स्थानीय ग्रामीणों ने भी पुलिस की इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए इस तरह की कार्रवाई आवश्यक है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशा और अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Related Post