Breaking
Sun. Oct 11th, 2026

डायन का आरोप लगाकर महिला की गला दबाकर हत्या की कोशिश, हमले से बाल-बाल बची

चाईबासा। पश्चिमी सिंहभूम जिले के सारंडा क्षेत्र में अंधविश्वास से जुड़ी एक गंभीर घटना सामने आई है। छोटानागरा थाना क्षेत्र के दुईआ गांव में 28 अगस्त की रात एक 35 वर्षीय महिला पर कथित तौर पर डायन होने का आरोप लगाकर जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। महिला ने गांव के ही एक व्यक्ति पर उसे जमीन पर पटककर गला दबाने और जान से मारने की कोशिश करने का आरोप लगाया है।

दुईआ गांव निवासी मंजू गोप, पति बुधराम चेरवा, शुक्रवार रात करीब आठ बजे गांव में मजदूरी का काम पूरा करने के बाद पैदल अपने घर लौट रही थी। इसी दौरान रास्ते में राम गोप उर्फ ऊंतू गोप ने कथित रूप से उसे रोक लिया और अचानक उस पर हमला कर दिया। पीड़िता के मुताबिक आरोपी ने उसे जमीन पर पटक दिया और उसका गला दबाकर जान लेने का प्रयास किया।

मंजू गोप ने बताया कि उसने आरोपी का विरोध करते हुए काफी संघर्ष किया। संघर्ष के दौरान किसी तरह वह आरोपी के चंगुल से निकलने में कामयाब रही और वहां से भागकर अपनी जान बचाई। हमले में गला दबाए जाने के कारण उसकी गर्दन पर चोट के निशान पड़ने की बात सामने आई है। घटना के बाद महिला काफी डरी और सहमी हुई है।

घटना के बाद पीड़िता गंगदा पंचायत के मुखिया राजू सांडिल के आवास पर पहुंची और उन्हें पूरी घटना की जानकारी दी। महिला का आरोप है कि राम गोप उसे डायन मानता है और इसी अंधविश्वास के चलते उसकी हत्या करने की कोशिश की गई।पीड़िता ने बताया कि वह 29 अगस्त को छोटानागरा थाना में आरोपी के खिलाफ लिखित शिकायत की है।

Related Post