चाईबासा। पश्चिम सिंहभूम जिले के मनोहरपुर थाना क्षेत्र में मंगलवार को खेत की जुताई के दौरान जमीन के अंदर दबा एक पुराना बम मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। जानकारी के अनुसार स्थानीय किसान विजय हेंब्रम अपने खेत की जुताई कर रहे थे। इसी दौरान हल किसी कठोर वस्तु से टकराया। जब उन्होंने पास जाकर देखा तो मिट्टी में दबा बम जैसा संदिग्ध विस्फोटक दिखाई दिया। संभावित खतरे को देखते हुए किसान ने तुरंत जुताई बंद कर दी और ग्रामीणों को इसकी सूचना दी।
घटना की जानकारी मिलते ही मनोहरपुर थाना प्रभारी अमित खाखा के नेतृत्व में पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। क्षेत्र की घेराबंदी कर लोगों की आवाजाही पर एहतियातन रोक लगा दी गई। पुलिस ने विस्फोटक को सुरक्षित कब्जे में लेकर उसकी जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी ने बताया कि हाल के दिनों में हुई भारी बारिश के कारण मिट्टी कमजोर हो गई थी, जिसके चलते जमीन के भीतर दबा यह विस्फोटक बाहर दिखाई देने लगा।
प्रशासन अब यह पता लगाने में जुटा है कि बरामद बम कितना पुराना है और वह खेत तक कैसे पहुंचा। विशेषज्ञों की मदद से इसकी जांच की जा रही है। पुलिस ने स्थानीय लोगों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध वस्तु को छूने के बजाय तुरंत प्रशासन को सूचना दें, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।

