Breaking
Tue. Jun 23rd, 2026

सब्जी मंडी में खरीदारी के दौरान महिला डॉक्टर का ढाई लाख का सोने का आभूषण गायब, पुलिस जांच में जुटी

जमशेदपुर: साकची थाना क्षेत्र स्थित बसंत टॉकीज के समीप सब्जी मंडी में मंगलवार को खरीदारी करने पहुंचीं एक महिला डॉक्टर का लगभग ढाई लाख रुपये मूल्य का सोने का आभूषण रहस्यमय परिस्थितियों में गायब हो गया। घटना के बाद पीड़िता ने साकची थाना में लिखित शिकायत दर्ज कर पुलिस से मामले की जांच और आभूषण बरामद करने की मांग की है।

जानकारी के अनुसार मानगो निवासी डॉ. आरती ने हाल ही में एक ज्वेलरी दुकान से करीब ढाई लाख रुपये का सोने का आभूषण खरीदा था। मंगलवार को वह अपनी कार से साकची की सब्जी मंडी पहुंचीं और वाहन खड़ा कर खरीदारी करने लगीं। इसी दौरान पर्स से पैसे निकालते समय उनका आभूषण कहीं गिर गया या फिर किसी ने उसे उठा लिया, इसका उन्हें तत्काल पता नहीं चल सका।

कुछ समय बाद जब उन्होंने आभूषण तलाशना शुरू किया तो वह नहीं मिला। इसके बाद उन्होंने मंडी क्षेत्र में काफी देर तक खोजबीन की और आसपास मौजूद दुकानदारों एवं सब्जी विक्रेताओं से भी पूछताछ की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी। निराश होकर उन्होंने साकची थाना पहुंचकर घटना की शिकायत दर्ज कराई।

अपनी शिकायत में डॉ. आरती ने दो सब्जी विक्रेताओं अहमद और राजेश गुप्ता पर संदेह व्यक्त किया है। हालांकि पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जांच पूरी होने से पहले किसी के खिलाफ निष्कर्ष निकालना उचित नहीं होगा।

साकची थाना प्रभारी गोपाल कृष्ण यादव ने बताया कि शिकायत प्राप्त होने के बाद मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है तथा घटनास्थल और उसके आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की भी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि उपलब्ध साक्ष्यों और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Related Post