Breaking
Sun. Jun 21st, 2026

प्रोजेक्ट प्राण के तहत पंचायत दिवस का आयोजन, उपायुक्त ने बामेबासा और नीमडीह पंचायत का किया निरीक्षण

चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले में सुशासन और जनकल्याणकारी योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन को लेकर चलाए जा रहे प्रोजेक्ट प्राण के तहत पंचायत दिवस का आयोजन किया गया। इस अवसर पर उपायुक्त मनीष कुमार ने प्रशिक्षु आईएएस ईरा जोरवाल की मौजूदगी में टोंटो प्रखंड के बामेबासा और नीमडीह पंचायत का दौरा कर विभिन्न विकास योजनाओं और आधारभूत सुविधाओं का निरीक्षण किया।

भ्रमण के दौरान उपायुक्त ने बामेबासा पंचायत सचिवालय परिसर में स्थापित भस्मक का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि पंचायत स्तर पर स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के लिए ऐसी व्यवस्थाएं जरूरी हैं। इसके बेहतर उपयोग से स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण बनाने में मदद मिलेगी।

इसके बाद उपायुक्त ने बामेबासा पंचायत क्षेत्र में सुनील बारी द्वारा संचालित आम बागवानी परियोजना और मोहन बारी द्वारा किए जा रहे काजू उत्पादन कार्य का निरीक्षण किया। उन्होंने लाभुकों से परियोजनाओं की प्रगति, उत्पादन और इससे मिलने वाले लाभ की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि कृषि और उद्यानिकी आधारित आजीविका गतिविधियां ग्रामीणों की आय बढ़ाने का बेहतर माध्यम हैं।

उपायुक्त ने पंचायत सचिवालय के सुदृढ़ीकरण कार्यों का भी जायजा लिया। उन्होंने पंचायत सचिवालय में विद्यार्थियों के लिए ज्ञान केंद्र स्थापित करने पर जोर दिया, ताकि ग्रामीण क्षेत्र के छात्र-छात्राओं को पढ़ाई और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में सुविधा मिल सके।

उन्होंने कहा कि पंचायत भवन केवल सरकारी कामकाज का केंद्र नहीं बल्कि शिक्षा, जागरूकता और सामाजिक विकास का केंद्र भी होना चाहिए। उन्होंने पंचायत भवनों में मंईयां कक्ष, ऊर्जा कक्ष, महिला और पुरुषों के लिए अलग-अलग शौचालय सहित अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।

बामेबासा और नीमडीह पंचायत सचिवालय में आयोजित कार्यक्रम में उपायुक्त ने ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों और युवाओं को संबोधित करते हुए बच्चों की शिक्षा पर ध्यान देने और समाज को नशामुक्त बनाने के लिए सामूहिक प्रयास करने की अपील की। इस दौरान जिले को नशामुक्त बनाने की शपथ भी दिलाई गई।

उपायुक्त ने किसानों को बताया कि लैम्पस के माध्यम से 50 प्रतिशत अनुदान पर धान बीज का वितरण किया जा रहा है। उन्होंने किसानों से योजना का लाभ उठाकर कृषि उत्पादन बढ़ाने की अपील की।

उन्होंने बताया कि स्पॉन्सरशिप योजना के तहत पात्र बच्चों को लाभ दिया जा रहा है। उन्होंने संबंधित मुखिया को अधिक से अधिक पात्र बच्चों को योजना से जोड़ने के लिए आवश्यक प्रपत्र उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। इस योजना के तहत पात्र बच्चों को प्रतिमाह 4000 रुपये की सहायता राशि दी जाती है।

उपायुक्त ने ग्रामीणों को मतदाता सूची विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम की जानकारी देते हुए नाम जोड़ने, संशोधन कराने और त्रुटियों के सुधार की प्रक्रिया के बारे में बताया। उन्होंने सभी पात्र नागरिकों से मतदाता सूची में अपना नाम सुनिश्चित कराने की अपील की।

कार्यक्रम में टोंटो प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी, प्रखंड प्रमुख, स्थानीय मुखिया, पंचायत सचिव सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।

Related Post