जमशेदपुर। बिहार के शाहपुर विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत जवनिया गांव निवासी भरत तिवारी के कथित फर्जी एनकाउंटर के विरोध में रविवार को साकची गोलचक्कर पर कैंडल मार्च एवं विचार संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में समाज के लोगों ने भाग लिया और भरत तिवारी की मौत की निष्पक्ष, पारदर्शी तथा उच्चस्तरीय जांच की मांग उठाई। इस दौरान उपस्थित लोगों ने मोमबत्तियां जलाकर दिवंगत भरत तिवारी को श्रद्धांजलि अर्पित की तथा पीड़ित परिवार के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व डीएसपी कमल किशोर ने कहा कि किसी भी लोकतांत्रिक व्यवस्था में कानून और संविधान सर्वोपरि होते हैं। किसी भी व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई करते समय निर्धारित कानूनी प्रक्रियाओं और पारदर्शिता का पालन किया जाना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि भरत तिवारी की मौत से जुड़े तथ्यों को सामने लाने और लोगों के मन में उठ रहे सवालों का जवाब देने के लिए निष्पक्ष जांच कराना जरूरी है। उन्होंने कहा कि यदि जांच प्रक्रिया निष्पक्ष नहीं होती है तो इससे आम लोगों का न्याय व्यवस्था पर भरोसा प्रभावित हो सकता है।
विचार संगोष्ठी के दौरान वक्ताओं ने कहा कि भरत तिवारी के एनकाउंटर को लेकर समाज के विभिन्न वर्गों में कई तरह की शंकाएं और प्रश्न उत्पन्न हुए हैं। ऐसे में पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कर सच्चाई सामने लाई जानी चाहिए। उन्होंने मांग की कि जांच के दौरान यदि किसी अधिकारी या कर्मी की लापरवाही, अनियमितता अथवा नियमों के उल्लंघन की पुष्टि होती है तो संबंधित लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।
कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने राज्य सरकार से पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने, उचित आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने तथा परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की भी मांग की। वक्ताओं ने कहा कि पीड़ित परिवार को हर संभव सहयोग मिलना चाहिए ताकि उन्हें न्याय के लिए संघर्ष में मजबूत समर्थन प्राप्त हो सके।
कैंडल मार्च के समापन पर उपस्थित लोगों ने भरत तिवारी की स्मृति में मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की। साथ ही चेतावनी दी कि यदि मामले की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित नहीं की गई तो लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।
इस अवसर पर पूर्व डीएसपी कमल किशोर, संतोष तिवारी, बलबीर मंडल, दीपक सिंह, अप्पू तिवारी, प्रकाश दुबे, संजय यादव, पवन तिवारी, राहुल तिवारी, ऋषभ सिंह, नवीन राय, हेमंत पाठक, संजय तिवारी, सोनू तिवारी, विष्णु मोहंती सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित थे।

