Breaking
Sun. Jun 21st, 2026

रामदेव बगान गोलीकांड का खुलासा, एक आरोपी गिरफ्तार, हथियार बरामद

जमशेदपुर: गोलमुरी थाना क्षेत्र के रामदेव बगान में बीते दिनों हुई फायरिंग की घटना का पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा कर दिया है। मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, जिसकी निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल किया गया हथियार भी बरामद कर लिया गया है।

रविवार को गोलमुरी थाना प्रभारी संजय सुमन और सीटी डीएसपी संजीव कुमार ने बताया कि 14 जून की रात करीब साढ़े 11 बजे रामदेव बगान इलाके में हुई गोलीबारी में 29 वर्षीय दीपक कुमार झा गंभीर रूप से घायल हो गए थे। दीपक सिदगोड़ा थाना क्षेत्र के टाटा लाइन निवासी हैं। घटना के बाद गोलमुरी थाना में कांड संख्या 71/2026 दर्ज करते हुए भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 109(1), 352 तथा आर्म्स एक्ट की धारा 27 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।

घटना की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक, पूर्वी सिंहभूम के निर्देश पर पुलिस उपाधीक्षक (नगर) के नेतृत्व में एक विशेष जांच दल का गठन किया गया। टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और गुप्त सूचनाओं के आधार पर कार्रवाई करते हुए 20 जून को मामले में शामिल आरोपी शुभम कुमार को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार शुभम कुमार गोलमुरी के टाटा लाइन स्थित देबुन बगान का रहने वाला है। उसका मूल निवास बिहार के सिवान जिले के सराय थाना क्षेत्र के माहपुर गांव में है। पूछताछ के दौरान आरोपी ने कई महत्वपूर्ण जानकारियां दीं, जिसके आधार पर पुलिस ने उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक लोडेड पिस्टल, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा बरामद किया।

गिरफ्तारी और बरामदगी के बाद पुलिस ने आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच आगे भी जारी रहेगी और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।

इस कार्रवाई में पुलिस उपाधीक्षक (नगर) संजीव कुमार, गोलमुरी थाना प्रभारी संजय सुमन सहित थाना के अन्य पुलिस अधिकारी और सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।

Related Post