चाईबासा। 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर पश्चिमी सिंहभूम जिले में जिला प्रशासन, आयुष विभाग, शैक्षणिक संस्थानों, पंचायत प्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों के सहयोग से विभिन्न स्थानों पर योग कार्यक्रम आयोजित किए गए। जिले के शहरों से लेकर गांवों तक लोगों ने सामूहिक योगाभ्यास में भाग लेकर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।
जिला प्रशासन एवं आयुष विभाग के संयुक्त तत्वावधान में बिरसा मुंडा इंडोर स्टेडियम, चाईबासा में जिला स्तरीय सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन उपायुक्त मनीष कुमार, जिला परिषद अध्यक्ष लक्ष्मी सुरेन, उप विकास आयुक्त उत्कर्ष कुमार, सिविल सर्जन डॉ. जूझार माझी और अपर उपायुक्त किस्टो कुमार बेसरा ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। योग प्रशिक्षक सुमित विश्वकर्मा और सोम कुमार नायक ने आयुष मंत्रालय के कॉमन योग प्रोटोकॉल के अनुसार उपस्थित लोगों को ताड़ासन, वृक्षासन, त्रिकोणासन, भुजंगासन, वज्रासन, शवासन सहित विभिन्न योगासनों तथा अनुलोम-विलोम, कपालभाति और भ्रामरी प्राणायाम का अभ्यास कराया। उपायुक्त मनीष कुमार ने कहा कि योग स्वस्थ, संतुलित और सकारात्मक जीवन का आधार है तथा इसे दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाना समय की आवश्यकता है।
जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में भी योग दिवस को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला। जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डालसा) के तत्वावधान में सदर प्रखंड के कमारहातु गांव में ग्रामीणों के लिए योग शिविर आयोजित किया गया, जिसमें लोगों ने सामूहिक रूप से योगाभ्यास किया और प्रतिदिन योग करने का संकल्प लिया। वहीं मतकमहातु पंचायत की मुखिया जुलियाना देवगम की अगुवाई में कमारहातु फुटबॉल मैदान में भी ग्रामीणों और युवाओं ने योग कर स्वस्थ जीवन का संदेश दिया।
खूंटपानी प्रखंड के पुरुनियाँ फुटबॉल मैदान में आयोजित कार्यक्रम में प्रखंड प्रमुख सिद्धार्थ होनहागा, बीडीओ धनंजय पाठक, सीओ फुलेश्वर साव, चिकित्सक, शिक्षक, कर्मचारी और छात्र-छात्राएं शामिल हुए। वक्ताओं ने योग को शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य के लिए आवश्यक बताते हुए इसे नियमित रूप से अपनाने की अपील की।
इधर महिला कॉलेज चाईबासा में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) और माई भारत के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में लगभग 75 छात्राओं ने भाग लिया। विशेषज्ञों ने छात्राओं को योग के शारीरिक एवं मानसिक लाभों की जानकारी दी तथा प्रशिक्षक मदन मोहन मिश्रा ने विभिन्न योगासन और प्राणायाम का अभ्यास कराया।
योग दिवस के अवसर पर जिलेभर में लोगों ने स्वास्थ्य, अनुशासन और सकारात्मक जीवनशैली के लिए योग को अपनाने का संकल्प लिया। कार्यक्रमों के दौरान योग के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले योग मित्रों, प्रशिक्षकों और अन्य कर्मियों को सम्मानित भी किया गया।

