जमशेदपुर, 21 जून : अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार को जमशेदपुर में विभिन्न स्थानों पर योग शिविरों और सामूहिक योग कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। शहर के पार्कों, मंदिर परिसरों, सामुदायिक भवनों और सार्वजनिक स्थलों पर बड़ी संख्या में लोगों ने योगाभ्यास कर स्वस्थ और निरोग जीवन का संकल्प लिया।
सिदगोड़ा स्थित सूर्य मंदिर परिसर में आयोजित योग कार्यक्रम में झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने अपने समर्थकों के साथ योग किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में बदलती जीवनशैली और बढ़ते तनाव के कारण लोग कई प्रकार की बीमारियों से ग्रसित हो रहे हैं। ऐसे में योग स्वस्थ जीवन का सबसे सरल और प्रभावी माध्यम है। उन्होंने लोगों से प्रतिदिन योग करने की अपील करते हुए कहा कि योग शरीर, मन और आत्मा को संतुलित रखने का कार्य करता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से योग को वैश्विक पहचान मिली है और आज पूरी दुनिया भारतीय संस्कृति के इस अनमोल उपहार को अपना रही है।
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर पूर्व मंत्री एवं भुईयां समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष दुलाल भुईयां ने भी लोगों को शुभकामनाएं देते हुए योग को जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ शरीर, शांत मन और सकारात्मक सोच का आधार है। नियमित योग से व्यक्ति न केवल रोगों से दूर रहता है, बल्कि मानसिक रूप से भी मजबूत बनता है।
वहीं भाजपा सुंदर नगर मंडल द्वारा सुंदर नगर गुरुद्वारा रोड स्थित माली भवन में योग शिविर का आयोजन किया गया। मंडल अध्यक्ष अमित मिश्रा के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में पूर्व विधायक मेनका सरदार, मंडल प्रभारी सुबोध झा, पूर्व जिला परिषद सदस्य रानाडे सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता, महिलाएं और स्थानीय नागरिक शामिल हुए। सभी ने सामूहिक योगाभ्यास कर “योग करें, निरोग रहें” का संदेश दिया।

