जमशेदपुर: टेल्को थाना क्षेत्र में महिला से सोने की चेन छीनकर फरार होने वाले दो शातिर अपराधियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के दौरान और बाद में बरामदगी के समय मुख्य आरोपी हरपाल सिंह उर्फ गबरू उर्फ डब्ल्यू ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी, जिसके जवाब में पुलिस की कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी। उसका इलाज एमजीएम अस्पताल में चल रहा है, जबकि दूसरे आरोपी मंजित को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
मंगलवार को आयोजित प्रेस वार्ता में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पियूष पांडेय ने बताया कि सोमवार शाम टेल्को क्षेत्र में एक महिला से अपाची बाइक सवार दो अपराधियों ने सोने की चेन छीन ली थी। घटना की सूचना मिलते ही सभी थानों को अलर्ट किया गया और एएसपी मुख्यालय-1 के नेतृत्व में कार्रवाई शुरू की गई। इसी दौरान सिदगोड़ा थाना की गश्ती टीम ने बारीडीह चौक और सूर्य मंदिर के आसपास संदिग्ध बाइक सवारों को देखा। पुलिस द्वारा रोकने का प्रयास किए जाने पर दोनों भागने लगे और पीछा किए जाने पर हरपाल सिंह ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। हालांकि पुलिसकर्मी सुरक्षित रहे और दोनों को दबोच लिया गया।
पूछताछ में आरोपियों ने कई चेन छिनतई की घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। उन्होंने बताया कि अपराध करने के लिए वे मोटरसाइकिल पर फर्जी नंबर प्लेट लगाते थे। पुलिस जब बरामदगी के लिए उन्हें सिदगोड़ा क्षेत्र में लेकर गई तो वहां से फर्जी नंबर प्लेट और छीनी गई चेन बरामद की गई। इसी दौरान हरपाल ने एक पुलिस अधिकारी को धक्का देकर उसकी सरकारी पिस्तौल छीन ली और पुलिस पर दोबारा फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी।
पुलिस ने आरोपियों के पास से एक पिस्तौल, मैगजीन, मोटरसाइकिल, फर्जी नंबर प्लेट, सोने की चेन और पेपर स्प्रे बरामद किया है। एसएसपी ने बताया कि हरपाल पर छह और मंजित पर चार आपराधिक मामले दर्ज हैं। मामले में अन्य अपराधियों की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है।

