Breaking
Tue. Jun 16th, 2026

खेत में काम कर रही युवती पर गिरी आकाशीय बिजली, मौत से गांव में मातम

चाईबासा: पश्चिम सिंहभूम जिले के बंदगांव थाना क्षेत्र के शरीदिरी गांव में मंगलवार को आकाशीय बिजली गिरने से एक युवती की दर्दनाक मौत हो गई। मृतका की पहचान गांव निवासी गुंडई मुंडू की पुत्री सुरारी मुंडू के रूप में की गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सुरारी मुंडू मंगलवार को खेत में काम कर रही थी। इसी दौरान अचानक मौसम ने करवट ली और तेज बारिश के साथ वज्रपात शुरू हो गया। खेत में मौजूद सुरारी आकाशीय बिजली की चपेट में आ गई, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गई।

घटना के बाद परिजन और ग्रामीण उसे तत्काल बंदगांव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। युवती की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक का माहौल बन गया।

सूचना मिलने पर बंदगांव थाना प्रभारी मनीष कुमार स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे और मामले की जानकारी ली। पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए चक्रधरपुर भेज दिया है।

थाना प्रभारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट हुआ है कि युवती खेत में काम करने के दौरान वज्रपात की चपेट में आई थी। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा। साथ ही, मृतका के परिजनों को सरकार की ओर से निर्धारित आपदा राहत सहायता उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

इस हादसे ने शरीदिरी गांव को गहरे सदमे में डाल दिया है। ग्रामीणों ने मृतका के परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए प्रशासन से शीघ्र राहत सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।

Related Post