Breaking
Sun. Jun 7th, 2026

सूरदा माइंस के मजदूरों ने खोला मोर्चा, श्रमिक अधिकारों की अनदेखी का आरोप; बागराई मार्डी संभालेंगे आंदोलन की कमान

जमशेदपुर। पूर्वी सिंहभूम जिले के घाटशिला स्थित सूरदा माइंस में कार्यरत मजदूरों ने संवेदक कंपनी आर.के. इंटरप्राइजेज रिसोर्स प्राइवेट लिमिटेड के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए श्रमिक अधिकारों की अनदेखी का गंभीर आरोप लगाया है। रविवार को आयोजित एक बैठक में बड़ी संख्या में मजदूर शामिल हुए, जहां न्यूनतम मजदूरी, चिकित्सा सुविधा, सुरक्षा उपकरण, दुर्घटना की स्थिति में उचित मुआवजा, ईपीएफ, ईएसआई तथा अन्य वैधानिक सुविधाओं को लेकर नाराजगी जाहिर की गई।

मजदूरों का कहना है कि हिंदुस्तान कॉपर लिमिटेड की सूरदा माइंस में संवेदक कंपनी के अधीन लगभग 950 श्रमिक कार्यरत हैं, लेकिन श्रम कानूनों के तहत मिलने वाली कई बुनियादी सुविधाओं से उन्हें वंचित रखा जा रहा है। लंबे समय से मांग उठाने के बावजूद प्रबंधन की ओर से कोई ठोस पहल नहीं किए जाने से श्रमिकों में असंतोष बढ़ता जा रहा है।

बैठक में प्रमुख रूप से मजदूर नेता एवं आंदोलनकारी बागराई मार्डी मौजूद रहे। श्रमिकों ने सर्वसम्मति से उन्हें अपने आंदोलन का नेतृत्व करने की जिम्मेदारी सौंपी। बैठक के दौरान मजदूरों ने अपनी समस्याओं को विस्तार से रखा और एकजुट होकर अधिकारों की लड़ाई लड़ने का संकल्प लिया।

बागराई मार्डी ने कहा कि मजदूरों की जायज मांगों को लेकर कंपनी प्रबंधन से जल्द वार्ता की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि श्रमिकों की समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो चरणबद्ध आंदोलन शुरू किया जाएगा, जिसे आगे चलकर व्यापक और उग्र रूप भी दिया जा सकता है। उन्होंने कहा कि मजदूरों के हितों से समझौता नहीं किया जाएगा और उनके अधिकार दिलाने के लिए हर स्तर पर संघर्ष किया जाएगा। बैठक में उपस्थित श्रमिकों ने भी चेतावनी दी कि मांगों की अनदेखी जारी रही तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

Related Post