Breaking
Wed. Sep 16th, 2026

सेवानिवृत्त टाटा स्टीलकर्मी ने फांसी लगाकर दी जान, जेब से मिला सुसाइड नोट

जमशेदपुर। कदमा थाना क्षेत्र के एसएससी फ्लैट निवासी टाटा स्टील के सेवानिवृत्त कर्मचारी 69 वर्षीय शंकर दास ने बुधवार सुबह अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद परिवार में मातम छा गया। सूचना मिलने पर कदमा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम मेडिकल कॉलेज भेज दिया।

पुलिस के अनुसार, शंकर दास के कपड़ों की जेब से एक सुसाइड नोट बरामद हुआ है। नोट में उन्होंने अपनी मौत के लिए बीमारी से परेशान होने को कारण बताया है। उन्होंने लिखा है कि वह बीमारी से परेशान होकर आत्महत्या कर रहे हैं और उनकी आत्महत्या के लिए वह स्वयं जिम्मेदार हैं। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया है कि उनकी मौत के लिए किसी दूसरे व्यक्ति का कोई कसूर नहीं है। पुलिस इसी सुसाइड नोट के आधार पर मामले की जांच आगे बढ़ा रही है।

परिजनों के अनुसार, बुधवार सुबह शंकर दास का बेटा टाटा स्टील में नाइट ड्यूटी करने के बाद घर लौटा था। दोनों के बीच मुलाकात भी हुई। इसके बाद शंकर दास अपने कमरे में चले गए। सुबह करीब आठ बजे उनकी बहू चाय लेकर कमरे में पहुंची। कमरे में पहुंचते ही उसने शंकर दास को फंदे से लटका देखा। उसने तत्काल शोर मचाकर अपने पति को बुलाया। परिवार के लोग उन्हें बचाने का प्रयास करते, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।

शंकर दास के दो बच्चे हैं। घटना की सूचना मिलने के बाद कदमा पुलिस मौके पर पहुंची और कमरे की जांच की। इसी दौरान मृतक की जेब से सुसाइड नोट मिला। कदमा थाना प्रभारी दिलीप कुमार यादव ने बताया कि सुसाइड नोट में मृतक ने बीमारी से परेशान होकर आत्महत्या करने की बात लिखी है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच की जा रही है।

Related Post