चाईबासा।पश्चिमी सिंहभूम जिले के चाईबासा मुफस्सिल थाना क्षेत्र स्थित रेलवे कॉलोनी के समीप रविवार सुबह एक अज्ञात व्यक्ति का सड़ा-गला शव मिलने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। शव चटाई में लिपटा हुआ था और उससे तेज दुर्गंध निकल रही थी। प्रारंभिक जांच के आधार पर पुलिस हत्या कर शव को यहां फेंके जाने की आशंका जता रही है।
जानकारी के मुताबिक सुबह कुछ ग्रामीण दैनिक कार्य के लिए खेतों की ओर जा रहे थे। इसी दौरान उनकी नजर रेलवे कॉलोनी के पास पड़ी एक चटाई पर गई। पास जाकर देखने पर उसमें एक व्यक्ति का शव मिला। शव की स्थिति काफी खराब थी, जिससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि उसकी मौत कई दिन पहले हो चुकी है। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर जुट गए ।
सूचना प्राप्त होने के बाद मुफस्सिल थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए चाईबासा सदर अस्पताल भेज दिया है। थाना प्रभारी विनोद कुमार सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत होता है। शव की स्थिति को देखते हुए अनुमान लगाया जा रहा है कि हत्या दो से तीन दिन पहले की गई होगी।
पुलिस का मानना है कि अपराधियों ने पहचान छिपाने और साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से शव को चटाई में लपेटकर सुनसान स्थान पर फेंक दिया। शव अत्यधिक सड़-गल जाने के कारण उसकी पहचान अब तक नहीं हो सकी है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए रेलवे पुलिस और मुफस्सिल थाना पुलिस संयुक्त रूप से जांच में जुट गई है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है तथा क्षेत्र के लोगों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर जल्द ही मामले का खुलासा कर दोषियों तक पहुंचने का प्रयास किया जाएगा।

