चाईबासा: झारखंड में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के तहत दावा-आपत्ति एवं सुनवाई की अवधि 30 सितंबर 2026 तक बढ़ाए जाने के निर्वाचन आयोग के निर्णय का कांग्रेस जिला प्रवक्ता त्रिशानु राय ने स्वागत किया है। उन्होंने कहा कि अवधि बढ़ने से वैसे पात्र मतदाताओं को अपनी आपत्ति, दावा और आवश्यक सुधार दर्ज कराने का अतिरिक्त समय मिलेगा, जो निर्धारित समय सीमा में प्रक्रिया पूरी नहीं कर पाए हैं।
त्रिशानु राय ने बुधवार को कहा कि कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश के नेतृत्व में कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार को ज्ञापन सौंपकर विशेष गहन पुनरीक्षण की अवधि बढ़ाने की मांग की थी। कांग्रेस ने यह मांग इसलिए की थी, ताकि पुनरीक्षण की प्रक्रिया में किसी भी पात्र मतदाता को पर्याप्त समय और अपना पक्ष रखने का उचित अवसर मिल सके।
उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग का अवधि बढ़ाने का निर्णय स्वागत योग्य है। मतदाता सूची लोकतांत्रिक व्यवस्था का महत्वपूर्ण आधार है। इसलिए यह सुनिश्चित किया जाना जरूरी है कि किसी पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल होने से न छूटे और किसी पात्र मतदाता का नाम उचित प्रक्रिया के बिना नहीं हटे।
त्रिशानु राय ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण के दौरान मतदाताओं को अपने नाम, पते और अन्य विवरणों की जांच करने की जरूरत है। अतिरिक्त समय मिलने से मतदाता निर्धारित प्रक्रिया के तहत अपने दावे और आपत्तियां दर्ज करा सकेंगे।
उन्होंने पश्चिमी सिंहभूम के सभी पात्र मतदाताओं से अपील की कि वे बढ़ी हुई अवधि का लाभ उठाकर मतदाता सूची में अपने नाम और विवरण की जांच करें। जिन पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में नहीं है, वे निर्धारित प्रपत्र के माध्यम से नाम जोड़ने के लिए आवेदन करें। वहीं, नाम, पता या अन्य विवरण में गलती होने पर सुधार के लिए आवेदन करें।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस की मांग रही है कि मतदाता सूची का पुनरीक्षण पारदर्शी, निष्पक्ष और नियमानुसार हो तथा प्रत्येक पात्र नागरिक को अपना पक्ष रखने का पर्याप्त अवसर मिले। उन्होंने कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर पर मतदाताओं को जागरूक करने और पुनरीक्षण प्रक्रिया की जानकारी उपलब्ध कराने की अपील की।

