Breaking
Wed. Sep 16th, 2026

गणेश पूजा से लौट रहे तीन किशोरों को वाहन ने कुचला, तीनों की मौत

गम्हरिया। सरायकेला-खरसावां जिले के गम्हरिया थाना क्षेत्र में टाटा-कांड्रा मार्ग पर उषा मोड़ के समीप मंगलवार की देर रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे में तीन किशोरों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान गम्हरिया कोचा पाड़ा निवासी कृष्णा पाल (16), पोयलाडीह निवासी मोहित लोहार (16) और मंगल गोप (15) के रूप में हुई है। तीनों पंडालों में सजावट और डेकोरेशन का काम करते थे।

बताया गया कि तीनों किशोर मंगलवार रात जमशेदपुर के कदमा में गणेश पूजा का मेला देखने गए थे। देर रात वे एक ही बाइक पर सवार होकर घर लौट रहे थे। करीब ढाई बजे उषा मोड़ के पास पीछे से तेज रफ्तार में आए एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सड़क पर गिर गई और तीनों किशोर मुंह के बल सड़क पर जा गिरे। हादसे में तीनों के सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें आईं और काफी रक्तस्राव हुआ।

दुर्घटना के बाद तीनों घायल अवस्था में कुछ समय तक सड़क पर पड़े रहे। घटना की सूचना मिलने पर गम्हरिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने तीनों को तत्काल उठाकर इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल, जमशेदपुर भेजा, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद तीनों को मृत घोषित कर दिया। हादसे की सूचना मिलते ही मृतकों के परिजन अस्पताल पहुंचे, जहां एक साथ तीन किशोरों की मौत की खबर से माहौल गमगीन हो गया।

इधर, टक्कर मारने वाला अज्ञात वाहन चालक मौके से वाहन समेत फरार हो गया। गम्हरिया पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद दुर्घटनाग्रस्त बाइक को कब्जे में ले लिया है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ टाटा-कांड्रा मार्ग पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि फरार वाहन की पहचान की जा सके। पुलिस हादसे के कारणों और वाहन की रफ्तार समेत अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है। तीन किशोरों की मौत से उनके गांवों में मातम पसरा हुआ है।

Related Post