Breaking
Fri. Jun 5th, 2026

तेज रफ्तार स्कॉर्पियो की टक्कर से युवक की मौत, साथी गंभीर घायल

चक्रधरपुर। पश्चिमी सिंहभूम जिले के चक्रधरपुर-सोनुवा मुख्य मार्ग पर गुरुवार रात हुए सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना सोनुवा रोड स्थित मनोज गैरेज के समीप हुई, जहां पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार अज्ञात स्कॉर्पियो ने मोपेड को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया।

मृतक की पहचान कोटुवां पदमपुर निवासी 22 वर्षीय ओएबन बोदरा, पिता रसाई बोदरा, के रूप में हुई है। वहीं 20 वर्षीय दर्शना बोदरा गंभीर रूप से घायल हो गया। जानकारी के अनुसार दोनों युवक किसी निजी कार्य से लौड़िया गांव गए थे और रात करीब साढ़े नौ बजे मोपेड से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान मनोज गैरेज के पास पीछे से आ रही स्कॉर्पियो ने उनकी गाड़ी को जोरदार टक्कर मार दी।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तुरंत अनुमंडल अस्पताल चक्रधरपुर पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने ओएबन बोदरा को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल दर्शना बोदरा को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल जमशेदपुर रेफर किया गया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। चक्रधरपुर थाना प्रभारी अवधेश कुमार ने बताया कि अज्ञात स्कॉर्पियो चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

Related Post