Breaking
Mon. Aug 3rd, 2026

विश्व पर्यावरण दिवस पर 106 वाहिनी रैपिड एक्शन फोर्स ने किया पौधरोपण, हरित भविष्य का दिया संदेश

जमशेदपुर। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर 106 वाहिनी रैपिड एक्शन फोर्स (आरएएफ), सुंदरनगर परिसर में पौधरोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। पर्यावरण संरक्षण और हरित भविष्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से आयोजित इस कार्यक्रम में वाहिनी के अधिकारियों, अधीनस्थ अधिकारियों और जवानों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

कार्यक्रम का नेतृत्व 106 वाहिनी के कमांडेंट राजीव कुमार ने किया। इस दौरान उन्होंने उपस्थित अधिकारियों और जवानों को संबोधित करते हुए पर्यावरण संरक्षण की आवश्यकता पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों के बीच वृक्षारोपण आज की सबसे बड़ी जरूरत बन गई है। यदि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण उपलब्ध कराना है तो प्रत्येक व्यक्ति को पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने की जिम्मेदारी निभानी होगी।

कमांडेंट राजीव कुमार ने कहा कि केवल पौधारोपण करना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि लगाए गए पौधों को संरक्षित करना भी उतना ही महत्वपूर्ण है। उन्होंने सभी जवानों और अधिकारियों से प्रकृति के संरक्षण के लिए निरंतर प्रयास करने तथा समाज में पर्यावरण जागरूकता फैलाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के दौरान परिसर में विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए गए। साथ ही सभी प्रतिभागियों ने इन पौधों की नियमित देखभाल करने और पर्यावरण संरक्षण के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर द्वितीय कमान अधिकारी सच्चिदानंद मिश्र, कौशल साधन गिरि सहित वाहिनी के अन्य अधिकारी एवं जवान भी उपस्थित रहे। सभी ने पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त करते हुए हरित भारत के निर्माण में योगदान देने का संकल्प दोहराया।

106 वाहिनी आरएएफ द्वारा आयोजित यह पौधरोपण कार्यक्रम न केवल पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने वाला रहा, बल्कि समाज को प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी निभाने के लिए प्रेरित करने की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ। कार्यक्रम का समापन प्रकृति संरक्षण और सतत विकास के प्रति सामूहिक संकल्प के साथ हुआ।

Related Post