Breaking
Sun. May 31st, 2026

एसीसी सीमेंट प्लांट मामले में त्रिपक्षीय वार्ता बेनतीजा, कंपनी से मांगा गया स्पष्ट निर्णय

चाईबासा: झींकपानी स्थित अडानी एसीसी सीमेंट प्लांट को लेकर उत्पन्न संशय की स्थिति पर सोमवार को समाहरणालय में मंत्री दीपक बिरुआ की अध्यक्षता में त्रिपक्षीय वार्ता आयोजित की गई। हालांकि लंबी चर्चा के बावजूद बैठक किसी ठोस निर्णय पर नहीं पहुंच सकी और वार्ता बेनतीजा रही।

बैठक के दौरान प्लांट हेड राज गुरुंग को निर्देश दिया गया कि वे कंपनी प्रबंधन से बातचीत कर जल्द स्पष्ट निर्णय उपलब्ध कराएं। प्रशासन की ओर से कहा गया कि जब तक कंपनी की ओर से स्थिति स्पष्ट नहीं की जाती, तब तक प्लांट से किसी प्रकार का सामान बाहर नहीं जाएगा और न ही कोई नया सामान प्लांट परिसर में लाया जाएगा।

उपायुक्त मनीष कुमार ने कंपनी प्रबंधन को चेतावनी देते हुए कहा कि कंपनी की किसी भी गतिविधि से जिले में विधि-व्यवस्था की स्थिति प्रभावित होती है तो इसकी पूरी जिम्मेदारी कंपनी प्रबंधन की होगी। आवश्यकता पड़ने पर क्षेत्र में धारा 144 अथवा धारा 163 भी लागू की जा सकती है। इसके अलावा कंपनी को निर्देश दिया गया कि यदि किसी भी कर्मचारी का भविष्य निधि (पीएफ) बकाया है तो श्रम कानूनों के तहत उसका भुगतान सुनिश्चित किया जाए।

*बैठक संतोषजनक और निर्णयपूर्ण नहीं रही : रमेश बालमुचू*

एसीसी बचाओ संघर्ष समिति के संयोजक रमेश बालमुचू ने बैठक पर असंतोष जताते हुए कहा कि प्रभावित क्षेत्र झींकपानी में खुली बैठक आयोजित करने के बजाय चाईबासा में बंद सभागार में बैठक करना उचित नहीं था। उन्होंने कहा कि यदि बैठक झींकपानी में होती तो अधिक संख्या में प्रभावित लोग अपनी बात रख पाते।

रमेश बालमुचू ने कहा कि बैठक में कोई संतोषजनक निर्णय नहीं निकल सका। कंपनी प्रबंधन की ओर से बताया गया कि बोर्ड स्तर पर निर्णय होने तक कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी जा सकती। उन्होंने कहा कि वार्ता के दौरान किसी भी मुद्दे पर स्पष्ट सहमति नहीं बन सकी और न ही कोई ठोस निर्णय लिया गया।

*बैठक में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी और ग्रामीण रहे उपस्थित*

बैठक में मंत्री दीपक बिरुआ, सांसद जोबा मांझी, उपायुक्त मनीष कुमार, पुलिस अधीक्षक अमित रेणु, सभी अनुमंडल पदाधिकारी, जिला खनन पदाधिकारी, सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी मौजूद थे। इसके अलावा झींकपानी एवं टोंटो प्रखंड प्रमुख, अंचल अधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, थाना प्रभारी, मुखिया, झींकपानी इलाका मानकी, ग्रामीण मुंडा कोंडवा एवं दोकट्टा, श्रमिक, कर्मचारी, स्थानीय ग्रामीण एवं रैयत भी बैठक में शामिल हुए।

कंपनी की ओर से प्लांट हेड राज गुरुंग, प्रबंधक तथा अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में सैकड़ों की संख्या में स्थानीय लोग भी मौजूद थे।

Related Post